वीडियो वायरल करने की धमकी देकर टीचर से मांगे 10 हजार, अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद एक्शन, यूट्यूबर समेत 3 आरोपी गिरफ्तार
10,000 rupees demanded from a teacher under threat of making a video viral; action taken following the rejection of an anticipatory bail plea—three accused, including a YouTuber, arrested.
बलरामपुर : छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में एक शिक्षक को धमकाकर 10 हजार रुपए की मांग करने और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर बदनाम करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पस्ता थाना पुलिस ने यूट्यूबर दीपक यादव समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया. जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया. इससे पहले आरोपी दीपक यादव ने बिलासपुर हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए आवेदन किया था. लेकिन अदालत ने उसकी याचिका खारिज कर दी थी. इसके बाद पुलिस ने गिरफ्तारी की कार्रवाई की.
शिक्षक से फाउंडेशन के नाम पर मांगे थे 10 हजार रुपए
मिली जानकारी के मुताबिक पस्ता थाना क्षेत्र के प्राथमिक शाला पुटसु में पदस्थ सहायक शिक्षक एवं प्रभारी प्रधान पाठक रुकमण बारीक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि यूट्यूबर दीपक यादव और उसके साथियों ने अपने फाउंडेशन के नाम पर उनसे 10 हजार रुपए की मांग की. आरोपियों ने पैसे नहीं देने पर उन्हें बदनाम करने और नौकरी से सस्पेंड कराने की धमकी दी थी. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
बिना अनुमति स्कूल पहुंचकर बनाने लगे वीडियो
शिकायत के मुताबिक 25 अगस्त 2026 को दोपहर करीब एक बजे श्रवण यादव और सूर्या यादव प्राथमिक स्कूल पुटसु पहुंचे. आरोप है कि दोनों ने स्कूल परिसर में बिना अनुमति वीडियो बनाना शुरू कर दिया. इस दौरान शिक्षक रुकमण बारीक के साथ अभद्र व्यवहार करने का भी आरोप लगाया गया है.आरोपियों ने उन पर पैसे देने का दबाव बनाया और मांग पूरी नहीं करने पर वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी.
यूट्यूब और फेसबुक पर वीडियो वायरल कर बदनाम करने का आरोप
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने शिक्षक को चेतावनी दी कि अगर उन्होंने 10 हजार रुपए नहीं दिए तो उनका वीडियो यूट्यूब और फेसबुक पर वायरल कर दिया जाएगा. साथ ही उन्हें बदनाम करने और नौकरी से सस्पेंड कराने की धमकी भी दी गई थी. आरोप है कि यूट्यूबर दीपक यादव ने अपने साथियों की मदद से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया. इसके बाद पीड़ित शिक्षक ने पस्ता थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 221, 351(2), 308(2), 356(3) और 3(5) के तहत जुर्म दर्ज किया.
पुलिस ने जब्त किए वीडियो और फोटो के सबूत
इस मामले की जांच के दौरान पुलिस ने शिकायतकर्ता शिक्षक और संबंधित गवाहों के बयान दर्ज किए. इसके अलावा सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो और फोटो के स्क्रीनशॉट से संबंधित पेन ड्राइव भी जब्त की गई. पुलिस ने शिक्षक की नियुक्ति और पदस्थापना से जुड़े दस्तावेज भी जांच में शामिल किए. इन दस्तावेजों और मिले डिजिटल सबूतों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई गई.
हाईकोर्ट ने खारिज की अग्रिम जमानत याचिका
मामला दर्ज होने के बाद आरोपी यूट्यूबर दीपक यादव ने गिरफ्तारी से राहत पाने के लिए छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट, बिलासपुर में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की थी. हालांकि अदालत से उसे राहत नहीं मिली और अग्रिम जमानत आवेदन खारिज कर दिया गया. इसके बाद पुलिस ने मामले में नामजद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने अदालत में पेश किया. अदालत ने उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.
आरोपी
1. दीपक यादव उम्र 23 साल निवासी टांगरमहरी, बलरामपुर
2. श्रवण यादव उम्र 34 साल निवासी ग्राम पुटसु, थाना पस्ता
3. सूर्या यादव उम्र 20 साल निवासी बलरामपुर
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



