मारपीट और बोलेरो से कुचलने से ASI के इकलौते बेटे की मौत, 6 दिन बाद एक नाबालिग समेत 2 हत्यारे गिरफ्तार, डीजल चोर गिरोह से जुड़े होने की आशंका

ASI's only son killed after being beaten and run over by a Bolero; two killers, including a minor, arrested six days later; suspected links to a diesel-stealing gang.

मारपीट और बोलेरो से कुचलने से ASI के इकलौते बेटे की मौत, 6 दिन बाद एक नाबालिग समेत 2 हत्यारे गिरफ्तार, डीजल चोर गिरोह से जुड़े होने की आशंका

कोरबा : कोरबा जिले के चर्चित बुधवारी बायपास हिट एंड रन मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है. हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए चंद्रमणि उर्फ दादू रात्रे की इलाज के दौरान मौत हो गई. चंद्रमणि की मौत के बाद मामला हादसा से बढ़कर हत्या के रूप में देखा जा रहा है. पुलिस ने मामले में एक नाबालिग सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच जारी है.
मिली जानकारी के मुताबिक मृतक चंद्रमणि रात्रे दर्री क्षेत्र में पदस्थ एएसआई रामनारायण रात्रे ला इकलौता बेटा था. उसकी मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. जैसे ही चंद्रमणि का शव उनके गृहग्राम पहुंचा. पूरे गांव में मातम पसर गया. अंतिम दर्शन के लिए बड़ी तादाद में ग्रामीण और परिचित पहुंचे. क्षेत्र में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश देखा गया.
बताया जा रहा है कि बुधवारी बायपास में हुए हिट एंड रन कांड के बाद मामला लगातार गंभीर होता गया. जांच के दौरान युवा पत्रकार अरविंद राठौर के कथित अपहरण, मारपीट और लूटकांड की घटना भी सामने आई. जिससे पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया. आरोप है कि पत्रकार के साथ मारपीट कर नकदी, आईफोन और सोने के जेवर लूटे गए. इतना ही नहीं, आरोपियों द्वारा पिस्टलनुमा हथियार से हवाई फायरिंग किए जाने की भी जानकारी सामने आई है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार मामले के तार क्षेत्र में सक्रिय डीजल चोरी गिरोह से भी जुड़ते नजर आ रहे हैं. जांच के दौरान बांकीमोंगरा, कुसमुंडा और दीपका क्षेत्र के कुछ नाम चर्चा में आए हैं. जिनकी भूमिका को लेकर पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है. हालांकि पुलिस ने अभी किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
घटना के छह दिन बाद पुलिस ने एक नाबालिग सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस का मानना है कि पूछताछ से कई अहम खुलासे हो सकते हैं.
इस बीच चंद्रमणि रात्रे की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. लोगों का कहना है कि यह सिर्फ एक सड़क हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित आपराधिक घटनाओं की श्रृंखला मालूम होती है. जिसकी निष्पक्ष और गहन जांच जरुरी है.
इस मामले को लेकर सीएसपी दर्री विमल पाठक ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और मिले सबूतों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t