गोबरा नवापारा में शर्मनाक घटना! आयुष्मान अस्पताल के सामने नाली में मिला भ्रूण, नगर के सभी अस्पतालों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
Shameful incident in Gobra Nawapara! A foetus was found in a drain in front of Ayushman Hospital; the police are now examining CCTV footage from all hospitals in the town.
रायपुर : गोबरा नवापारा नगर के वार्ड नम्बर 7 में रेलवे स्टेशन के पास एक आयुष्मान अस्पताल के सामने सुबह नाली में सात महीने के मृत भ्रूण का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई. मामले की खबर पुलिस को दी गई. जिसके बाद गोबरा नवापारा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरु की.
अस्पताल के सामने भ्रूण मिलने से कई सवाल
शुरूआती जानकारी के मुताबिक आयुष्मान अस्पताल के सामने नाली में मृत भ्रूण मिलने के बाद अस्पताल को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं. हालांकि अस्पताल प्रबंधन का पक्ष है कि उनके यहां प्रसव (डिलीवरी) की सुविधा नहीं है. और न ही यहां डिलीवरी होती है. ऐसे में अस्पताल के सामने भ्रूण का शव मिलने से अस्पताल की भूमिका को लेकर उठ रही चर्चाओं पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
अस्पताल को बदनाम करने की साजिश की आशंका
घटनास्थल की स्थिति और अस्पताल के सामने भ्रूण मिलने को लेकर स्थानीय स्तर पर इसे अस्पताल की छवि खराब करने की साजिश होने की आशंका भी जताई जा रही है. हालांकि इस बारे में अभी किसी तरह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस जांच के बाद ही साफ हो सकेगा कि भ्रूण को वहां किसने और किन हालात में छोड़ा था.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए गोबरा नवापारा पुलिस आसपास के अस्पतालों और संबंधित स्थानों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. पुलिस का प्रयास है कि घटना से जुड़े सुराग जुटाकर भ्रूण को वहां छोड़ने वाले व्यक्ति की पहचान की जा सके. मौके पर पंचनामा कार्रवाई के बाद पुलिस मृत भ्रूण को अपने साथ ले गई.
भ्रूण देखने उमड़ी लोगों की भीड़
नाली में भ्रूण मिलने की खबर नगर में तेजी से फैल गई. मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और हर कोई घटना को लेकर चर्चा करता नजर आया. इस संवेदनशील मामले ने जहां लोगों को झकझोर दिया. वहीं नवजात जिंदगी के साथ इस तरह की अमानवीय घटना को लेकर भी चिंता व्यक्त की जा रही है.
जांच के बाद सामने आएगी सच्चाई
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है. सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों और अन्य सबूतों के आधार पर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है. जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि मृत भ्रूण को नाली में किसने फेंका और इसके पीछे असल वजह क्या है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



