श्मशान घाट में तंत्र-मंत्र का संदेह, महिला की चिता से छेड़छाड़ का आरोप, युवक की बेरहमी से पिटाई, वीडियो वायरल, तीन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज
Suspicion of occult practices at a cremation ground; allegations of tampering with a woman’s funeral pyre; a man brutally beaten—video goes viral; FIR registered against three individuals.
बिलासपुर/कोनी : बिलासपुर जिले के कोनी थाना क्षेत्र में श्मशान घाट में एक महिला की चिता से छेड़छाड़ करने और अस्थियां गायब होने के शक में एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. देवनगर इलाके में हुई इस घटना के बाद घायल युवक को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया. बताया जा रहा है कि युवक अपने परिचित के साथ घर के पास स्थित श्मशान घाट गया था. इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों को उसकी गतिविधियों पर शक हुआ और विवाद के बाद उसके साथ मारपीट की गई. मामले में तीन लोगों के नाम सामने आए हैं. जिनकी भूमिका को लेकर जांच की जा रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक कोनी निवासी अनिता यादव की 1 नवंबर को मौत हो गई थी. उसी दिन शाम को परिजनों ने देवनगर स्थित श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया था. अंतिम संस्कार के बाद परिवार के लोग घर लौट गए.
बताया जा रहा है कि रात में जब कुछ परिजन दोबारा श्मशान घाट पहुंचे, तो वहां कुछ लोग मौजूद मिले। परिजनों ने आरोप लगाया कि चिता से कुछ अस्थियां और अन्य अवशेष गायब थे. इसी दौरान वहां मौजूद एक व्यक्ति की गतिविधियों पर शक जताया गया और कथित तंत्र-मंत्र किए जाने की बात सामने आई.
चिता से छेड़छाड़ के शक को लेकर विवाद बढ़ गया और वहां मौजूद लोगों ने एक व्यक्ति के साथ मारपीट शुरू कर दी. वायरल वीडियो में कुछ लोग व्यक्ति को जमीन पर घसीटते, बाल पकड़कर खींचते और लात-घूंसों से पीटते दिखाई दे रहे हैं. मारपीट में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. इसके बाद उसे उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया.
घटना की जानकारी मिलने पर मामले की जांच शुरू की गई. मामले में कोनी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन लोगों के खिलाफ जुर्म दर्ज किया है. पुलिस ने अपराध क्रमांक 601/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है,
इस मामले में उमेश सिंह ठाकुर, राजा यादव और नितेश यादव के नाम सामने आए हैं. तीनों कोनी थाना क्षेत्र के दैहानपारा छोटी कोनी के निवासी बताए गए हैं. मामले में उमेश सिंह ठाकुर उम्र 32 साल, राजा यादव उम्र 26 साल और नितेश यादव उम्र 23 साल की संलिप्तता सामने आई है. टना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
इस पूरे मामले में दो अहम पहलू सामने आए हैं. पहला, महिला की चिता से अस्थियां और अवशेष गायब होने का परिजनों का आरोप. दूसरा, इस शक के आधार पर एक व्यक्ति के साथ की गई मारपीट. हालांकि, चिता से अवशेष गायब होने या तंत्र-मंत्र किए जाने की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. फिलहाल मारपीट के मामले में FIR दर्ज होने की पुष्टि हुई है और आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी.
आरोपी
उमेश सिंह ठाकुर पिता बलवंत सिंह ठाकुर उम्र 32 साल
राजा यादव पिता विजय यादव उम्र 26 साल
नितेश यादव पिता स्व देवकुमार यादव उम्र 23 साल
तीनों निवासी दैहानपारा, छोटी कोनी, थाना कोनी, जिला बिलासपुर छत्तीसगढ़
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



