महानदी किनारे ईंट भट्ठों पर उठे सवाल : सरकारी जमीन पर चल रहे दर्जनों भट्ठे, जांच के निर्देश, ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने जताई गंभीर आपत्तियां

Questions raised about brick kilns along the Mahanadi River: Dozens of kilns operating on government land, prompting investigations; villagers and panchayat representatives express serious objections.

महानदी किनारे ईंट भट्ठों पर उठे सवाल : सरकारी जमीन पर चल रहे दर्जनों भट्ठे, जांच के निर्देश, ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने जताई गंभीर आपत्तियां

धमतरी/कुरुद : कुरूद विकासखंड के ग्राम परखंदा में महानदी तट के आसपास संचालित ईंट भट्ठों को लेकर ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने गंभीर आपत्तियां जताई हैं.. आरोप है कि नदी किनारे तथा सरकारी घास भूमि पर बिना आवश्यक अनुमति के बड़ी तादाद में ईंट भट्ठों का संचालन किया जा रहा है. पंचायत पदाधिकारियों का कहना है कि इन भट्ठों के लिए ग्राम पंचायत से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) नहीं लिया गया है. जबकि ईंट निर्माण का कार्य बड़े पैमाने पर किया जा रहा है.
नदी तट और पर्यावरण पर प्रभाव की आशंका
स्थानीय लोगों के मुताबिक महानदी के किनारे मिट्टी और रेत के उपयोग से ईंट निर्माण किए जाने की वजह से नदी तट के संरक्षण और पर्यावरणीय संतुलन पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है. ग्रामीणों का कहना है कि बड़ी तादाद में मिट्टी के उत्खनन और भट्ठों के संचालन से क्षेत्र की प्राकृतिक संरचना प्रभावित हो रही है. वहीं संबंधित विभागों की तरफ से अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने पर भी सवाल उठ रहे हैं.
सड़क किनारे भट्ठों से राहगीरों को परेशानी
ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ ईंट भट्ठे मुख्य मार्ग के बेहद करीब संचालित हो रहे हैं. जिससे धुआं, राख और गर्मी के कारण राहगीरों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि उड़ती राख और धूल से आंखों में जलन तथा अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी बढ़ रही हैं. क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से इस संबंध में उचित कार्रवाई की मांग की है.
रिहायशी क्षेत्रों में भी संचालन पर ग्रामीणों की नाराजगी
परखंदा के बाजार चौक और पानी टंकी के आसपास आबादी वाले क्षेत्रों में भी कुछ भट्ठों के संचालन की शिकायतें सामने आई हैं. ग्रामीणों का कहना है कि ईंट पकाने में इस्तेमाल होने वाली भूसी और लकड़ियों से निकलने वाला धुआं आसपास रहने वाले लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है. विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर इसके नुकसान को लेकर चिंता व्यक्त की जा रही है.
शासकीय घास भूमि पर कई ईंट भट्ठों का किया जा रहा संचालन- पंचायत सचिव
ग्राम पंचायत सचिव लुकेश साहू ने बताया कि शासकीय घास भूमि पर कई ईंट भट्ठों का संचालन किया जा रहा है और किसी भी संचालक द्वारा पंचायत से एनओसी नहीं ली गई है. उन्होंने यह भी कहा कि पंचायत द्वारा समय-समय पर नोटिस जारी किए गए. लेकिन स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ.
धुएं और राख के कारण ग्रामीणों को हो रही परेशानी- सरपंच
वहीं सरपंच माधुरी मोहित साहू ने कहा कि ईंट भट्ठों से निकलने वाले धुएं और राख की वजह से ग्रामीणों को परेशानी हो रही है. उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है.
जांच के बाद आरोपियों पर होगी कार्रवाई- एसडीएम
इस बारे में एसडीएम कुरूद नभसिंह कोशले ने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया गया है. खनिज विभाग को जांच के निर्देश दिए गए हैं और अगर जांच में किसी तरह की अनियमितता या अवैध संचालन सामने आता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t