बहन से बातचीत के शक में विवाद, दोस्त को चाकू से हमला कर उतारा मौत के घाट, आरोपियों के घर तोड़फोड़ कर लगाई आग, दो आरोपी गिरफ्तार
A dispute over a suspected conversation with a sister led to a friend being stabbed to death, the accused's house vandalized and set on fire, and two arrested.
रायपुर/मंदिर हसौद : रायपुर से लगे मंदिर हसौद में शुक्रवार देर रात युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. वारदात के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए. गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी के घर में तोड़फोड़ कर दी. बाहर खड़ी गाड़ी में आग लगा दी. यह मामला मंदिर हसौद थाना क्षेत्र का है.
पुलिस ने 2 आरोपियों को हिरासत में लिया है. इनमें एक नाबालिग है. मृतक तोषक भारती और दोनों आरोपी आपस में दोस्त थे. वरत से पहले तीनों साथ घूमने गए थे. पुलिस जांच में सामने आया है कि तोषक को शक था कि उसकी बहन और नाबालिग आरोपी के बीच बातचीत हो रही थी. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था.
बता दें कि मंदिर हसौद में 2 दिन में हत्या की यह दूसरी वारदात है. इससे पहले 22 मई से लापता भुवनेश्वर कुमार की लाश महासमुंद में मिली थी. हालांकि इस मामले में पुलिस ने पार्षद गोलू रात्रे और उनके 2 दोस्तों को गिरफ्तार किया था.
जानिए पूरा मामला
मृतक की मां सरस्वती भारती ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 29 मई की रात करीब 9 बजे पलौद चौक स्थित पानी टंकी के पास करण ध्रुव और एक नाबालिग ने तोषक के साथ मारपीट की और चाकू से हमला किया. पुलिस जांच में सामने आया है कि युवक को शक था कि उसकी बहन और नाबालिग आरोपी के बीच बातचीत होती थी.
इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ. नाबालिग और करण तोषक को पीटने लग गए. इस दौरान चाकू से हमला कर दिया. घायल तोषक को पुलिस पेट्रोलिंग वाहन से इलाज के लिए आरंग अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
आरोपियो के घर में तोड़फोड़
वारदात की खबर फैलते ही बड़ी तादाद में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. आक्रोशित लोगों ने आरोपी के घर पर हमला कर तोड़फोड़ की. वहीं घर के बाहर खड़ी गाड़ी में आग लगा दी गई. खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को कंट्रोल किया.
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमॉर्टम कराया है. मामले में करण ध्रुव और नाबालिग के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच की जा रही है. घटना के बाद गुस्साए कुछ ग्रामीणों ने आरोपियों के घर और एक पुरानी स्कूटी में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया. इस मामले में भी पुलिस अलग से कार्रवाई कर रही है.
8 दिन पहले युवक की हत्या कर रेत में दफनाया था शव
इसी मंदिर हसौद इलाके में 22 मई को लापता हुए भुवनेश्वर यादव हत्याकांड का खुलासा भी एक दिन पहले ही हुआ था। मामले में महासमुंद पुलिस ने निर्दलीय पार्षद नोहर दास उर्फ गोलू रात्रे समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
पुलिस जांच में सामने आया कि शराब भट्ठी के पास पानी को लेकर विवाद और गाली-गलौज के बाद भुवनेश्वर यादव की हत्या कर दी गई थी. आरोपियों ने शव को कार में ले जाकर महासमुंद के महानदी किनारे रेत में दफना दिया था. बाद में पुलिस ने खुदाई कर शव बरामद किया. इस मामले में नोहर रात्रे, अमित सिंह राजपूत और हेमचंद बंजारे को गिरफ्तार किया गया है. आरोपियों के खिलाफ हत्या और सबूत मिटाने की धाराओं में केस दर्ज किया गया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



