मंदिर के पास चार अज्ञात युवकों ने लूट की वारदात को दिया अंजाम, पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार,  लूटी गई बाइक और रकम बरामद

Four unidentified youths committed a robbery near the temple, police arrested four accused, recovered the stolen bike and money.

मंदिर के पास चार अज्ञात युवकों ने लूट की वारदात को दिया अंजाम, पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार,  लूटी गई बाइक और रकम बरामद

बिलासपुर : बिलासपुर जिला की थाना कोनी पुलिस ने बिरकोना रोड पर हुई लूट की वारदात का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल, नकदी और वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा भी बरामद किया है.
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम सेदरी रामतला रोड निवासी गौतम पालेकर उम्र 30 साल ने 29 मई को रिपोर्ट दर्ज कराई कि 28 मई की रात करीब 11 बजे वह सेंट्रल लाइब्रेरी से अपनी टीवीएस स्पोर्ट मोटरसाइकिल नम्बर CG 10 BK 3754 से घर लौट रहे थे. इसी दौरान बिरकोना रोड स्थित बजरंगबली मंदिर के पास चार अज्ञात युवकों ने सड़क में ई-रिक्शा खड़ा कर उनका रास्ता रोका और उनके पास रखे 1,000 रुपये नकद और मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए.
इस वारदात की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (कोतवाली) गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना कोनी पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम गठित की गई. टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे करीब 350 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी सबूतों और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर संदिग्धों की पहचान की.
पुलिस ने लिंगियाडीह निवासी सरजू भास्कर, कृष लहरे, राजकुमार सूर्यवंशी और शाकिर अली को हिरासत में लिया और पूछताछ की. पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात कबूल की. उन्होंने बताया कि लूटी गई रकम का कुछ हिस्सा पहले ही खर्च कर दिया गया था.
बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी सरजू भास्कर के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा क्रमांक CG10 BJ 6885 और 50 रुपये नकद बरामद किए. थाना कोनी पुलिस ने बताया कि मामला अपराध क्रमांक 272/2026 के तहत धारा 309(4) एवं 3(5) बीएनएस के अंतर्गत दर्ज किया गया है. वहीं, कृष लहरे के कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल और 150 रुपये नकद बरामद हुए. गिरफ्तार आरोपियों में सरजू भास्कर उम्र 20 साल, कृष लहरे उम्र 20 साल, राजकुमार सूर्यवंशी उम्र 20 साल और शाकिर अली उम्र 21 साल शामिल हैं. पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया. जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t