महिला ने घर की छत से कूदकर दी जान, सुसाइड नोट में लिखा- ससुरालवालों ने दहेज के लिए घसीटकर मारा, कपड़े फाड़े, पति गिरफ्तार

A woman committed suicide by jumping from the roof of her house, writing in a suicide note that her in-laws dragged her to death and tore her clothes for dowry. Her husband was arrested.

महिला ने घर की छत से कूदकर दी जान, सुसाइड नोट में  लिखा- ससुरालवालों ने दहेज के लिए घसीटकर मारा, कपड़े फाड़े, पति गिरफ्तार

जगदलपुर : छत्तीसगढ़ के जगदलपुर के करपावंड की रहने वाली महिला ने सुसाइड नोट अपने पापा को लिखा फिर छत से कूदकर जान दे दी. पुलिस ने मौके से एक सुसाइड नोट बरामद किया है. वहीं पुलिस ने महिला के पति सतेंद्र गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है. यह मामला करपावंड थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक करीब 11 साल पहले बिहार के रोहतास जिले की रहने वाली सृष्टि उर्फ प्रिया गुप्ता की शादी करपावंड के रहने वाले सतेंद्र गुप्ता से हुई थी. सतेंद्र गुप्ता व्यापारी हैं. 15 अक्टूबर को प्रिया अपने घर की छत से कूद गई थी. परिजन उसे अस्पताल लेकर गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत बताया। वहीं परिवार वालों ने बहू के मौत की खबर उसके परिवार के सदस्यों को दी.
अब बेटी के पिता ने ससुराल पक्ष वालों पर उसे घरेलू हिंसा के साथ ही हत्या का आरोप लगाया है. महिला के पिता ने पुलिस के साथ ही मीडिया को बेटी का सुसाइड नोट भी दिया. जिसमें उसने परिवार की प्रताड़ना की बात लिखी थी.
घटना के बाद ससुराल वाले शुरुआत में इसे सामान्य घटना बता रहे थे. लेकिन सुसाइड नोट सामने आने के बाद अब पुलिस इसी एंगल से जांच कर रही है. पुलिस ने 26 अक्टूबर को महिला के पति सतेंद्र गुप्ता को भी गिरफ्तार कर लिया है.
महिला ने अपने सुसाइड नोट में लिखा है कि आदरणीय पापा, मैं बहुत परेशान हूं. मुझे मेरे ससुराल वाले घसीटकर मारते हैं. दहेज के लिए भी प्रताड़ित करते हैं. आप लोगों को भी गालियां देते हैं. मुझे यहां बिल्कुल भी प्यार नहीं मिलता है और आज ये मेरा चीरहरन किए. सुबह 7:35 बजे का CCTV फुटेज देखना। जिसमें सारा सबूत मिल जाएगा. पापा मैं तंग आ गई हूं. इसलिए अब बहुत दूर जा रही हूं. आप अपना ख्याल रखना.
महिला ने अपने सुसाइड नोट में आगे लिखा है कि मेरी तबियत खराब रहती है. कमर, सिरदर्द हमेशा होता है. लेकिन पति कभी भी डॉक्टर के पास लेकर नहीं जाता है. और कहने पर मारता- पिटता है. ससुराल वाले कहते हैं कि तेरे पिता ने तुझे कुछ नहीं दिया.
मृतका बेटी ने अपने पिता को आगे कहा कि आप 15 अक्टूबर की सुबह 7:35 का CCTV फुटेज देखिएगा. जिसमें घर वाले मेरी पिटाई कर रहे हैं. और यही सबसे बड़ा सबूत है. अब मैं सहन नहीं कर सकती और थक चुकी हूं.
इस पूरे मामले को लेकर ASP महेश्वर नाग ने कहा कि महिला के पति को गिरफ्तार कर लिया गया है. उन्होंने कहा कि अलग-अलग लोगों से बयान लेने के बाद आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 108 , 115 (2), 296, 351 (2) समेत अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t