युवक ने बच्चे को डूबता देख डैम में लगाई छलांग, मौत से लड़कर बचाई मासूम की सांसें, जांबाज धीरज रात्रे की गहरे पानी में डूबने से मौत, शव निकलते ही पसरा मातम
Seeing a child drowning, a young man jumped into a dam, fighting death to save the innocent child. Brave Dheeraj Ratre died after drowning in deep water, and mourning spread as soon as the body was recovered.
बिलासपुर : पिकनिक मनाने गए युवक एक बच्चे को डैम में डूबते देखकर गहरे पानी में कूद गया. इस हादसे में बच्चे की जान बच गई. लेकिन युवक खुद डूब गया. करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद शव बाहर निकाला गया. यह मामला रतनपुर थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक जरहाभाठा मंदिर चौक जरहाभाठा क्षेत्र से करीब 10-15 युवक रविवार को पिकनिक मनाने रतनपुर क्षेत्र के लछनपुर स्थित चचई डैम गए थे. सभी युवक डैम के आसपास घूम रहे थे. वहीं कुछ लड़के डैम में नहा रहे थे. तभी एक लड़का अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा.
इस दौरान बच्चे को डूबते देखकर जरहाभाठा जतिया तालाब के पास रहने वाला धीरज रात्रे उम्र 20 साल डैम में कूद गया. उसने किसी तरह पीठ पर लाद कर बच्चे को बाहर निकाला. जिसके बाद खुद गहरे पानी में समा गया. बताया जा रहा है कि पानी ज्यादा गहरा होने और बहाव की वजह से धीरज रात्रे उम्र 20 साल बाहर नहीं निकल सका. देखते ही देखते वह पानी में डूब गया. इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और साथियों ने फौरन कोटा और रतनपुर पुलिस को खबर दी.
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई. स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया. करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद धीरज का शव पानी से बाहर निकाला गया. इस हादसे से धीरज के परिवार और साथियों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं जिस बच्चे की जान बचाई गई. वह पूरी तरह सुरक्षित बताया जा रहा है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



