हनुमान जन्मोत्सव पर झंडा बांधते समय 40 फीट की ऊंचाई से नीचे गिरे दो युवक, एक की मौत, कांग्रेसियों ने थाने का घेराव कर FIR दर्ज करने की मांग
Two youths fell from a height of 40 feet while tying a flag on Hanuman Janmotsav, one died, Congressmen surrounded the police station and demanded registration of FIR
रायपुर/गोबरा नवापारा : गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र के दम्मानी कॉलोनी में हनुमान जन्मोत्सव की तैयारी के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया. झंडा बांधते समय ट्रैक्टर की हाइड्रोलिक अचानक बंद हो जाने से दो युवक करीब 35 से 40 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गए. हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि दूसरा गंभीर रुप से घायल हो गया. घटना के बाद पूरे नगर में हड़कंप मच गया और मामला अब राजनीतिक रंग ले चुका है.
मिली जानकारी के मुताबिक हादसा देर रात करीब 1 से 2 बजे के बीच हुआ. हनुमान जन्मोत्सव को लेकर झंडा बांधने की तैयारी की जा रही थी. इसी दौरान तीन युवक ट्रैक्टर हाइड्रोलिक की मदद से बिजली खंभे पर झंडा लगा रहे थे. ट्रैक्टर में ओवरलोड होने के कारण हाइड्रोलिक अचानक बंद हो गया. जिससे दोनों युवक नीचे गिर पड़े.
मृतक युवक का नाम नितुल देवांगन पिता मोहनलाल देवांगन उम्र 22 साल है. मृतक नितुल देवांगन इकलौता बेटा था. जबकि घायल युवक का नाम सागर सोनी है. सागर को नाजुक हालत में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. इलाके में घटना के बाद मातम का माहौल है.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि युवक की मौत सामान्य नहीं है और इसमें लापरवाही या साजिश हो सकती है. लोगों में आक्रोश है. इस बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका प्रशासन और भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. कांग्रेस का कहना है कि घटना के सबूतों को जानबूझकर मिटाने की कोशिश की जा रही है और नगर प्रशासन तथा बीजेपी इस मामले को दबाने में लगे हुए हैं. परिजनों को बिना सूचना दिए घायल को रात में ही रायपुर भेज दिया गया.
उन्होंने कहा कि नगर पालिका की स्काई लिफ्ट किसकी अनुमति से लाया गया. यह जांच का विषय है. उन्होंने मांग की है कि स्काई लिफ्ट लाने वाले व्यक्ति और ड्राइवर सहित दोषियों पर एफआईआर दर्ज की जाए. नगर पालिका नेता प्रतिपक्ष संध्या राव ने मांग की है कि दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए. साथ ही नगर पालिका के अधिकारी कर्मचारियों से पूछताछ की जाए और स्काई लिफ्ट की अनुमति देने वाले व्यक्ति पर भी कार्रवाई की जाए. इन मांगों के साथ परिजन और कांग्रेसी थाने में जुटे रहे.
गुस्साए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गोबरा नवापारा थाने का घेराव किया और तत्काल FIR दर्ज करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा.
नगर में तनाव का माहौल है और लोग प्रशासन की निष्क्रियता से नाराज हैं. युवक की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है. फिलहाल नगर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ऐसैय्या ने बताया कि मामले में आरोपी वाहन चालक एवं अन्य के खिलाफ 106(1) के तहत FIR दर्ज किया गया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



