NEET पेपर लीक मामले में 8वीं गिरफ्तारी, मनीषा वाघमारे के बाद CBI ने पुणे से मास्टरमाइंड कैमेस्ट्री प्रोफेसर पीवीकुलकर्णी को किया गिरफ्तार
8th arrest in NEET paper leak case: After Manisha Waghmare, CBI arrests mastermind Chemistry Professor PV Kulkarni from Pune
नई दिल्ली : NEET (UG) 2026 पेपर लीक मामले में CBI ने शुक्रवार को आठवीं गिरफ्तारी करते हुए पुणे से केमिस्ट्री प्रोफेसर पीवी कुलकर्णी को गिरफ्तार किया है. जांच एजेंसी के मुताबिक कुलकर्णी इस पूरे पेपर लीक रैकेट का मास्टरमाइंड है.
मिली जानकारी के मुताबिक कुलकर्णी लातूर का रहने वाला प्रोफेसर पीवी कुलकर्णी लंबे समय तक NEET पेपर तैयार करने वाले पैनल का हिस्सा रह चुका है. वह केमिस्ट्री का डोमेन एक्सपर्ट था और उसे प्रश्नपत्र तक सीधी पहुंच हासिल थी. कुलकर्णी पुणे में अपने घर से कोचिंग क्लास चलाता था. जहां वह परीक्षा से पहले ही छात्रों को संभावित सवाल और उनके सही जवाब बता देता था. आरोप है कि 3 मई को हुई परीक्षा से पहले अप्रैल के आखिरी हफ्ते में आरोपी मनीषा वाघमारे की मदद से कई छात्रों को लीक पेपर उपलब्ध कराया गया था.
NEET 2026 का पेपर 1 मई को ही लीक कर दिया गया था. कथित तौर पर यह पेपर ‘प्राइवेट माफिया’ नाम के एक टेलीग्राम ग्रुप पर शेयर किया गया था. ग्रुप में डाली गई PDF फाइल में सेट नंबर 12 दिखाई दिया। जिसकी तुलना NEET के असली सेट नंबर 12 से करने पर कई सवाल हूबहू मैच करते पाए गए.
बताया जा रहा है कि फिजिक्स सेक्शन में बॉल के वर्टिकली ऊपर जाने और वापस आने से जुड़े वेलोसिटी और टाइम वाले सवाल समेत कई प्रश्न लीक बताए जा रहे पेपर और असली प्रश्नपत्र में पूरी तरह समान थे. हालांकि वायरल टेलीग्राम पेपर को लेकर स्वतंत्र रूप से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
इधर, पेपर लीक मामले से परेशान होकर दिल्ली की 20 साल की छात्रा, उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के 21 साल के युवक और गोवा के 17 साल के छात्र द्वारा खुदकुशी किए जाने की खबर ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है.
कुलकर्णी लातूर के दयानंद कॉलेज में बतौर केमेस्ट्री प्रोफेसर कार्यरत था. अब वह रिटायर हो चुका है. आरोपी मनीषा वाघमारे के पूछताछ के बाद सीबीआई कुलकर्णी तक पहुंची. लंबी पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. मनीषा वाघमारे को CBI पहले ही 14 मई 2026 को गिरफ्तार कर चुकी है.
इससे पहले तक इस मामले में जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे और अहिल्यानगर से कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. इनमें से 5 आरोपियों को अदालत में पेश कर 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया. वहीं गुरुवार को गिरफ्तार किए गए दो अन्य आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड के लिए पुणे की अदालत में पेश किया गया और उन्हें दिल्ली लाया जाएगा.
NEET पेपर लीक को लेकर देशभर में छात्रों और अभिभावकों में भारी नाराजगी है. वहीं CBI लगातार इस रैकेट से जुड़े लोगों की तलाश में जुटी हुई है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



