दो सालियों की हत्या के बाद मेडिकल स्टोर में भी फायरिंग, रोंगटे खड़े कर देने वाला CCTV फुटेज आया सामने, FSL की टीम ने किया क्राइम सीन रीक्रिएट

After the murder of two sisters-in-law, firing also took place at a medical store. Horrifying CCTV footage has emerged. The FSL team recreates the crime scene.

दो सालियों की हत्या के बाद मेडिकल स्टोर में भी फायरिंग, रोंगटे खड़े कर देने वाला CCTV फुटेज आया सामने, FSL की टीम ने किया क्राइम सीन रीक्रिएट

रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के मोवा थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज गोलीकांड में एक और बड़ी अपडेट सामने आई है. आरोपी जीजा जितेंद्र वर्मा द्वारा की गई फायरिंग में घायल दूसरी साली दुर्गेश्वरी ने भी अस्पताल में दम तोड़ दिया. इससे पहले उसकी बहन गीतांजलि की मौके पर ही मौत हो गई थी. इस दिल दहला देने वाली वारदात का एक सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी की बर्बरता साफ नजर आ रही है.
आरोपी जितेंद्र वर्मा का अपनी पत्नी खिलेश्वरी वर्मा से लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था. विवाद के बाद पत्नी अपने मायके में रह रही थी. 5 मई की रात आरोपी ससुराल पहुंचा और पत्नी और बच्चों से मिलने की जिद करने लगा. इस दौरान उसकी साली गीतांजली उर्फ जया ने उसे सुबह आने की बात कही. जिससे वह भड़क गया. गुस्से में आरोपी ने लाइसेंसी पिस्टल निकालकर गीतांजली पर गोली चला दी. गोली लगते ही उसकी मौके पर मौत हो गई. शोर सुनकर बाहर आई दूसरी साली दुर्गेश्वरी को भी आरोपी ने गोली मार दी. नाजुक हालत में अस्पताल ले जाने के बाद उसकी भी मौत हो गई.
मेडिकल स्टोर में भी मचाया उत्पात
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जितेन्द्र वर्मा यहीं नहीं रुका. वह एक मेडिकल स्टोर में घुसा और वहां के संचालक पर पिस्टल तान दी. फुटेज में साफ दिख रहा है कि आरोपी ने वहां भी फायरिंग की. जिससे कर्मचारी अपनी जान बचाकर भागते नजर आए. मेडिकल स्टोर संचालक बाल-बाल बच गया. वरना मृतकों का आंकड़ा और बढ़ सकता था.
FSL की टीम ने किया क्राइम सीन रीक्रिएट
मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया. एफएसएल की संयुक्त निदेशक टी.एल. चंद्रा की मौजूदगी में क्राइम सीन को रीक्रिएट किया गया. ताकि तकनीकी और फॉरेंसिक सबूत जुटाए जा सकें. पुलिस फिलहाल आरोपी जितेंद्र वर्मा से पूछताछ कर रही है ताकि इस खूनी संघर्ष के पीछे के असली पारिवारिक विवाद का पता लगाया जा सके.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t