करोड़ों की जमीन को 23 लाख में करा ली रजिस्ट्री!, बाकी 1.61 करोड़ रुपये नहीं देने का आरोप, बुजुर्ग महिला को तीन लोगों ने बनाया ठगी का शिकार, केस दर्ज
Land worth crores registered for just ₹23 lakh! Allegations of non-payment of the remaining ₹1.61 crore; elderly woman defrauded by three individuals; case registered.
राजनांदगांव/पेण्ड्री : जमीन बेचने के नाम पर करोड़ों रुपये के लेनदेन में धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. ग्राम पेण्ड्री की रहने वाली बुजुर्ग महिला चंदाबाई खरे उम्र 63 साल की शिकायत पर लालबाग पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ जुर्म दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक जमीन के सौदे की कुल रकम 2.05 करोड़ रुपये तय हुई थी. लेकिन शिकायतकर्ता को कथित तौर पर सिर्फ 23 लाख रुपये ही दिए गए और बाकी रकम 1.61 करोड़ रुपये का भुगतान नहीं किया गया.
इस मामले में पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में कार्रवाई की गई. नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में शिकायत की जांच की गई. दस्तावेजों और उपलब्ध तथ्यों की जांच के बाद प्रथम दृष्टया अपराध बनता पाए जाने पर लालबाग थाने में अपराध क्रमांक 391/2026 दर्ज किया गया है.
0.48 एकड़ जमीन का था सौदा
शिकायत के मुताबिक ग्राम पेण्ड्री स्थित खसरा नंबर 548/6, रकबा 0.48 एकड़ यानी करीब 0.1916 हेक्टेयर भूमि का सौदा आरोपियों के साथ 2 करोड़ 5 लाख रुपये में तय हुआ था. शिकायतकर्ता का आरोप है कि सौदे के बाद उसे कुल रकम में से सिर्फ 23 लाख रुपये का भुगतान किया गया. इसके बाद जब जमीन की बाकी रकम की मांग की गई तो कथित तौर पर विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने बाकी रकम देने से इंकार कर दिया और मामले को लेकर पुलिस को भी गुमराह करने का प्रयास किया.
तीन आरोपियों पर मामला दर्ज
पुलिस ने शिकायत और जांच में सामने आए दस्तावेजों के आधार पर प्रवीण झलके, प्रभात जैन और लाला यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 3(5) के तहत जुर्म दर्ज किया है.
दस्तावेजों की जांच जारी
लालबाग पुलिस ने मामले को जांच में लेते हुए जमीन के सौदे से जुड़े दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले में मिले सबूतों का परीक्षण किया जा रहा है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



