आकाशीय बिजली का बरपा कहर, खेत में काम करने गया परिवार, बारिश से बचने पेड़ के नीचे खड़ी मां-बेटी की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

Lightning strikes with deadly force; a family had gone to work in the fields, and a mother and daughter died a tragic death after taking shelter under a tree during the rain, plunging the village into mourning.

आकाशीय बिजली का बरपा कहर, खेत में काम करने गया परिवार, बारिश से बचने पेड़ के नीचे खड़ी मां-बेटी की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

बलरामपुर : बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पतरापारा में गुरुवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से मां और बेटी की मौके पर ही मौत हो गई. यह दर्दनाक हादसा उस समय हुआ जब दोनों खेत में काम कर रही थीं. हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम पतरापारा निवासी प्रमोद कुमार टेकाम उम्र 22 साल ने राजपुर थाने में मर्ग सूचना दर्ज कराई कि उनकी परिजन मानती टेकाम उम्र 33 साल और उनकी बेटी कुमारी विमला टेकाम उम्र 14 साल रोज की तरह खेत में काम करने गई थीं.
दोपहर करीब 2:10 बजे अचानक मौसम खराब हो गया और तेज बारिश शुरू हो गई. बारिश और आंधी से बचने के लिए दोनों मां-बेटी खेत के पास स्थित एक सेमर के पेड़ के नीचे खड़ी हो गईं. इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली उसी पेड़ के पास गिरी. बिजली की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और फौरन परिजनों और पुलिस को खबर दी. खबर मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जरुरी कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. साथ ही मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है.
इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और तत्काल राहत प्रदान करने की मांग की है.
राजपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की हालत में खुले स्थानों, खेतों और ऊंचे पेड़ों के नीचे पनाह न लें. ऐसे समय में सुरक्षित भवनों या पक्के ढांचे में ही रहना चाहिए. पुलिस ने कहा कि मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करना जरूरी है. ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?