देश के कई राज्यों में मानसूनी बारिश जमकर...
नई दिल्ली : देश के कई राज्यों में मानसूनी बारिश जमकर हो रही है। देश के कई राज्यों में भारी बारिश के चलते बाढ़ की स्थिति बन गई है। असम में बाढ़ के चलते 8 लोगों की मौत हुई, जिससे अब तक मरने वालों का आंकड़ा बढक़र 56 हो गया है।
-ग्वालियर की कॉलोनियों में भरा पानी
- अशोकनगर में टीन शेड गिराअसम में बाढ़...मप्र, छग, राजस्थान में हाहाकार
-असम में बाढ़ में अब तक 56 की मौत, मप्र-राजस्थान सहित 17 राज्यों में भारी बारिश
नई दिल्ली : देश के कई राज्यों में मानसूनी बारिश जमकर हो रही है। देश के कई राज्यों में भारी बारिश के चलते बाढ़ की स्थिति बन गई है। असम में बाढ़ के चलते 8 लोगों की मौत हुई, जिससे अब तक मरने वालों का आंकड़ा बढक़र 56 हो गया है। 29 जिलों के 21.13 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। काजीरंगा नेशनल पार्क में आई बाढ़ में अब तक कुल 31 जानवरों की डूबने से मौत हो चुकी है, जबकि 82 जानवरों को बाढ़ से बचाया गया है। वहीं मप्र, छग और राजस्थान के कई जिलों में आंधी-पानी से हाहाकार मचा हुआ है। उत्तराखंड में गंगोत्री-गोमुख ट्रैक पर चिरबासा धारा में आई बाढ़ के चलते उस पर बना लकड़ी का पुल टूट गया। इस धारा में दिल्ली के दो कांवडि़ए बह गए। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह घटना गंगोत्री से लगभग नौ किलोमीटर दूर हुई। ग्लेशियर के पिघलने के कारण धारा का जलस्तर अचानक बढ़ गया था।
मप्र में मानसूनी बारिश का दौर चल रहा है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को रीवा, नीमच, श्योपुरकलां, भिंड, शिवपुरी, रायसेन, सतना समेत 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मुरैना के अंबाह में सुबह 11.30 बजे से तेज बारिश हो रही है। नर्मदापुरम में 15 मिनट भारी बारिश हुई। भोपाल में भी कुछ इलाकों में पानी गिरा। अशोकनगर में बारिश से एक घर का टीन शेड गिर गया। इंदौर, नर्मदापुरम और रतलाम में बादल छाए हुए हैं। अशोकनगर में देर रात तक हुई तेज बारिश से नाले उफान पर आ गए हैं। ट्रैफिक रुका हुआ है। भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन समेत प्रदेश के अन्य जिलों में भी पानी गिरेगा।
डिंडौरी में उफान पर नर्मदा नदी
डिंडौरी में पिछले एक सप्ताह से रुक रुक कर हो रही बारिश से नर्मदा समेत सहायक नदियों का जल स्तर लगातार बढ़ रहा है। जल स्तर बढऩे से नर्मदा का दृश्य बांध जैसा दिखने लगा है। इस दृश्य को देखने के लिए नर्मदा किनारे सुबह-शाम बड़ी संख्या में स्थानीय लोग आ रहे हैं। कुछ लोग रिस्क लेकर नदी में उतरते भी दिख रहे हैं।
24 घंटे में 8 सेंटीमीटर बारिश का अनुमान
सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि अगले 24 घंटे में कई जिलों में 5 से 8 सेंटीमीटर तक बारिश हो सकती है। 48 घंटे के बाद सिस्टम कमजोर होगा, लेकिन हल्की बारिश जारी रहेगी। 7 जुलाई को सिस्टम फिर स्ट्रॉन्ग होगा। इससे 8 जुलाई को भारी बारिश हो सकती है। नर्मदापुरम में दोपहर करीब 2 बजे बारिश शुरू हुई। यहां 15 मिनट तक तेज पानी गिरा। मुरैना जिले के अंबाह में सुबह से तेज धूप रही। करीब 11:30 बजे मौसम बदला और बारिश शुरू हो गई। खेतों में पानी भर गया। किसानों का कहना है कि जलभराव से वे बाजरे की फसल की बोवनी अब करीब 1 सप्ताह बाद कर सकेंगे।
ग्वालियर में मोहल्लों में पानी भरा
ग्वालियर के वार्ड नंबर 13 कोटा वाला मोहल्ला लोहामंडी में बारिश का पानी भर गया, जो सडक़ों पर बह रहा है।
आगर-मालवा में पेड़ गिरा, बिजली के तार टूटे
आगर मालवा में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात बारिश के बीच अचलेश्वर महादेव मंदिर रोड पर इमली का पेड़ गिर गया। इसकी चपेट में आकर बिजली के तार टूट गए। सुबह पेड़ को काटकर सडक़ से हटाया गया। देवास के सोनकच्छ में दो दिन बाद बारिश का दौर फिर शुरू हो गया है। यहां मानसून में अब तक 124 मिमी यानी 4.96 इंच बारिश दर्ज की गई है।
अशोकनगर में टीन की छत गिरी
अशोकनगर में देर रात तेज बारिश से सावन और खजुरिया गांव की पुलिया पर पानी आ गया। शहर की शंकर कॉलोनी में घर की टीन की छत गिर गई। समय रहते लोग घर से बाहर आ गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।(एजेंसी)



