पुष्पा मूवी जैसी सागौन तस्करी का पर्दाफाश, उड़ीसा के तीन तस्कर गिरफ्तार, 3 फरार, तलाश जारी, वन विभाग की टीम को मिली बड़ी कामयाबी
Teak smuggling racket busted, similar to the one in the movie Pushpa. Three Odisha smugglers arrested, three absconding, search continues. Forest department team achieves major success.
गरियाबंद : उदंती सीतानदी टायगर रिजर्व में बीते दिन वन विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सागौन लकड़ी की तस्करी करने वाले उड़ीसा के पुष्पा गैंग के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. यह आरोपी बिल्कुल पुष्पा मूवी की तरह नदी के बहाव और मोटरसाइकिल के ज़रिए सागौन लठ्ठों की अवैध ढुलाई करते थे.
वन विभाग की टीम ने उड़ीसा राज्य के ग्राम सेन्दुरसील, थाना सीनापाली (जिला नुआपाड़ा) के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. तोसूधर हंस पिता सेबा हंस (45 वर्ष), संतोष हंस पिता ईश्वर हंस (31 वर्ष), ओमकार हंस पिता बिनोद हंस (28 वर्ष) वहीं गैंग के तीन सदस्य विधा, लक्ष्मी और शोभा (ग्राम घुचागुड़ा, थाना सीनापाली, उड़ीसा) अब भी फरार हैं. उनकी पतासाजी जारी है.
आरोपियों ने पूछताछ में कबुल किया कि वे उदंती सीतानदी टायगर रिजर्व के जंगलों से सागौन वृक्ष काटकर लकड़ी के लठ्ठे बनाते और उन्हें उदंती नदी के पानी के जरिए बहाकर और मोटरसाइकिल से ढोकर उड़ीसा ले जाते थे. उन्होंने पहले भी उत्तर और दक्षिण उदंती क्षेत्र में कई बार अवैध कटाई और तस्करी करने की बात कबूल की.
सहायक परिक्षेत्र अधिकारी मनोज कुमार ध्रुव के द्वारा सभी आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 की धारा 27, 29, 31, 50, 51, 52 और भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 26 (1) क, ड, च के तहत जुर्म दर्ज कर उन्हें न्यायालय देवभोग के सामने पेश किया गया.
इस कार्रवाई को शशिगानंदन के. (भा.व.से.), उपनिदेशक, उदंती सीतानदी टायगर रिजर्व गरियाबंद और वरुण जैन (भा.व.से.) के कुशल मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया. दक्षिण उदंती वन परिक्षेत्र अधिकारी चन्द्रबली ध्रुव, वनरक्षक सूर्यदेव जगतवंशी, सहायक परिक्षेत्र अधिकारी मनोज कुमार ध्रुव (कोयबा) और उनकी टीम ने 10 नवंबर 2025 को यह कार्रवाई की.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



