भाई ने इंस्टाग्राम में रील बनाने से बहन को किया मना करने पर 14 साल की नाबालिग लड़की ने की खुदकुशी, जांच में जुटी पुलिस
14 year old minor girl commits suicide after brother refuses sister to make a reel on Instagram police engaged in investigation
अंबिकापुर : अंबिकापुर जिले में एक 14 साल की नाबालिग लड़की ने इंस्टाग्राम में रील बनाने से इंकार करने पर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली. नाबालिग के 16 साल के भाई ने नाबालिग को रील बनाने से मना किया और मम्मी-पापा को बताने की बात कही. जिससे नाराज होकर नाबालिग ने फांसी लगा ली. मामला कुसमी थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक घटना कोरंधा रोड पर स्थित ग्राम पंचायत रतासिली में एक किशोरी ने रविवार की दोपहर घर में फांसी लगाकर जान दे दी. मृतका के बड़े भाई साहिल के मुताबिक उसकी बहन परिजनों के मना करने के बावजूद मोबाइल में इंस्टाग्राम एप डाउनलोड कर वीडियो बनाकर अपलोड करने के साथ अपने दोस्तो के साथ चैटिंग करती थी. घटना के कुछ देर पहले भी जब साहिल ने उसे मोबाइल पर इंस्टाग्राम चलाते हुए देखा तो रोकटोक करते हुए इसकी शिकायत मम्मी-पापा से करने की बात कही.
शक है कि इसी डर से किशोरी ने फांसी लगाकर जान दे दी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. ग्राम पंचायत रतासिली के बांधपारा निवासी सुशील मिंज अपने वैन से क्षेत्र के साप्ताहिक बाजार के साथ फेरी लगाकर कपड़ा बेचने का कारोबार करता है. वह रविवार की सुबह को पत्नी मरियम के साथ बाइक से किसी जरुरी काम से ग्राम धनेशपुर गया था.
इधर घर में उसकी बेटी गांव के निर्मला माध्यमिक शाला मिशन स्कूल में 8वीं की छात्रा 14 साल की आकांक्षा मिंज और 16 साल का बेटा साहिल मिंज थे. मां मरियम अपना मोबाइल घर में ही छोड़ कर गई थी. जिसमें आकांक्षा इंस्टाग्राम एप डाउनलोड कर अपना वीडियो बनाकर अपलोड कर रही थी. यह देखकर बड़े भाई साहिल ने कहा कि मम्मी-पापा तुम्हें कितनी बार इंस्टाग्राम चलाने से मना कर चुके हैं. इसके बावजूद तुम पढ़ाई में ध्यान देने के जगह फिर से डाउनलोड कर लेती हो. इसके साथ ही आकांक्षा ने अपने आंख के ऊपर के बाल में कुछ डिजाइन बनवाया था. इस पर भी भाई साहिल ने एतराज जताते हुए कहा कि मैं मम्मी-पापा से तुम्हारी शिकायत करूंगा. यह कहते हुए साहिल घर से कुछ दूरी पर खड़े वैन को धोने चला गया.
कुछ देर बाद जब वाहन धोने के लिए साहिल सैंपू लेने घर पहुंचा तो देखा कि घर का दरवाजा भीतर से बंद था. तब उसने आवाज दी लेकिन कोई जवाब नहीं मिलने पर सोचा कि आकांक्षा सो गई होगी. यही सोचकर साहिल फिर से गाड़ी धोने चला गया. तभी कुछ देर में उसके पिता सुशील और मां मरियम भी घर पहुंच गए और दरवाजा खुलवाने लगे. लेकिन जब अंदर से कोई जवाब नही मिला तो किसी तरह दरवाजा तोड़कर अंदर गए तो देखे कि आकांक्षा फांसी पर लटक रही थी. उसे नीचे उतार कर जिंदा होने की उम्मीद में कुसमी अस्पताल लेकर पहुंचे. यहां जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया. मामले में पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही है. वहीं इस घटना से परिजन सदमे में है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



