तेज रफ़्तार ट्रेलर बाइक सवार युवक को कुचला, मौके पर मौत, स्कूल के पास हादसे के बाद नाराज ग्रामीणों ने 5 घंटे तक किया चक्काजाम
A speeding trailer crushed a young man riding a bike, killing him on the spot. Angry villagers blocked roads for five hours after the accident near a school.
रायगढ़/तमनार : रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र अंतर्गत हुकराडीपा-मिलूपारा रोड पर शनिवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई. जिंदल स्कूल के पास तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आए बाइक सवार युवक की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर करीब पांच घंटे तक चक्काजाम किया. जिससे आवागमन पूरी तरह ठप रहा.
मिली जानकारी के मुताबिक मृतक निरंजन सेठ उर्फ गोल्डी उम्र 27 साल निवासी ग्राम लिबरा, थाना तमनार, अनुप रोड कैरियर ट्रांसपोर्ट में कार्यरत था. शनिवार सुबह निरंजन बाइक से ड्यूटी के लिए निकला. दोपहर करीब 12 बजे जिंदल स्कूल के पास पहुंचते ही पीछे से आ रहे ट्रेलर चालक ने लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाते हुए उसे कुचल दिया. जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई.
हादसे के बाद बड़ी तादाद में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए. परिजनों को खबर देने के बाद ग्रामीणों ने मृतक का शव सड़क पर रखकर चक्काजाम शुरु कर दिया. इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. हालात को देखते हुए पुलिस को मार्ग बदलना पड़ा.
प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांगें-
कोल ट्रांसपोर्ट ट्रेलरों पर सख्त नियंत्रण लगाया जाए
स्पीड लिमिट और संचालन का समय तय किया जाए
स्कूल और आबादी क्षेत्र में भारी वाहनों पर रोक लगाई जाए
मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए
ग्रामीणों का कहना था कि स्कूल के पास से तेज रफ्तार ट्रेलर गुजरना बच्चों और आम नागरिकों की जान के लिए खतरा बन चुका है.
खबर मिलते ही तमनार थाना प्रभारी कमला पुसाम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं. बाद में घरघोड़ा एसडीएम सहित प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंचे. काफी समझाइश के बाद जिला प्रशासन ने तात्कालिक सहायता राशि देने और मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया. इसके बाद शाम करीब 5 बजे चक्काजाम खत्म हुआ.
जाम समाप्त होने के बाद पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को अस्पताल भिजवाया. वहीं हादसे के बाद ट्रेलर चालक फरार बताया जा रहा है. जिसकी तलाश की जा रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



