बारात में डांस के दौरान विवाद, दुल्हन के घर के पास चाकूबाजी, पुलिस ने हाफ मर्डर करने वाले 3 नाबालिग समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल
A brawl erupted during a dance in the wedding procession, a stabbing near the bride's house. Police arrested six accused, including three minors who committed half murder, and sent them to jail.
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई : जिले के थाना गातापार क्षेत्र में बारात के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. जिसमें चाकूबाजी की घटना सामने आई है. पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जबकि नाबालिग बालकों को हिरासत में लेकर अदालत में पेश किया है.
मिली जानकारी के मुताबिक 22 अप्रैल 2026 की रात ग्राम मुढ़ीपार में प्रार्थी कमलेश वर्मा उम्र 29 साल निवासी ढारा, जिला राजनांदगांव ने थाना गातापार में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वे गांव के एक शादी में शामिल होने आए थे. रात करीब 9 बजे बारात दुल्हन के घर के पास बाजार चौक पहुंची थी. जहां डीजे पर बाराती नाच रहे थे.
इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और “साइड दो” कहते हुए गाली-गलौच करने लगे. बारातियों द्वारा समझाने पर भी विवाद बढ़ गया और आरोपी वहां से चले गए. करीब एक घंटे बाद आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ लौटे और बारातियों से मारपीट शुरु कर दी.
इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे राजा वर्मा पर एक आरोपी ने चाकू से पेट में वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया. वहीं प्रार्थी कमलेश वर्मा पर भी चाकू से हमला किया गया. जिससे उनके हाथ और सिर में चोट आई. वारदात के बाद बारातियों के शोर मचाने पर आरोपी वहां से भाग गए.
वारदात के बाद जब घायलों को अस्पताल ले जाने के लिए वाहन निकाला जा रहा था. तभी आरोपी फिर लौटे और लोहे की रॉड से स्कॉर्पियो वाहन के सामने का कांच तोड़ दिया. इससे वाहन को नुकसान पहुंचा. इस मामले की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद थाना गातापार पुलिस ने अपराध क्रमांक 29/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 351(3), 109, 324(5), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया और पूछताछ की. मुख्य आरोपी गुलशन सिन्हा से वारदात में इस्तेमाल चाकू और मोटरसाइकिल (ग्लेमर) बरामद की गई. इसके बाद अन्य दो आरोपी पुनम सिन्हा और जग्गु निषाद को भी गिरफ्तार किया गया.
गिरफ्तार तीनों आरोपी ग्राम मुढ़ीपार, थाना गातापार के निवासी हैं. इसके अलावा इस मामले में शामिल तीन नाबालिग बालकों को भी हिरासत में लेकर उनकी सामाजिक पृष्ठभूमि रिपोर्ट तैयार कर अदालत में पेश किया गया है. फिलहाल सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर दिया गया और मामले की आगे की जांच जारी है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



