नेशनल हाईवे 130 पर धान से भरी ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, हादसे में एक युवक की मौके पर दर्दनाक मौत, 3 किमी तक घसीटता रहा बाइक
A truck loaded with paddy collided with a bike on National Highway 130, resulting in a tragic death on the spot and dragging the bike for 3 km.
गरियाबंद : सोमवार की देर शाम गरियाबंद जिले के देवभोग थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 130C पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. जहां धान से भरा ट्रक बाइक से आमने-सामने टकरा गया. हादसा इतना भीषण था कि बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई और उनका शव 15 मीटर दूर तक बिखर गया. बाइक में पीछे बैठे एक अन्य युवक की जान बच गई. क्योंकि वह ट्रक के चपेट में नहीं आया. यह मामला देवभोग थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक अशोक यादव उम्र 38 साल निवासी कुम्हड़ाई खुर्द और उसका दोस्त गुड़िया यादव दोनों ओडिशा में आयोजित एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे और बाइक से वापस लौट रहे थे. इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर धान से भरा तेज रफ्तार ट्रक गरियाबंद की तरफ आ रहा था और सामने से आ रहे बाइक को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ गया. बाइक ट्रक के आगे के हिस्से में फंस गई और पीछे बैठे अशोक यादव ट्रक के पिछले चक्के के नीचे आ गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक चालक बाइक को करीब 3 किलोमीटर दूर चिचिया हाई स्कूल तक घसीटते हुए ले गया.
बताया जा रहा है कि टक्कर के बाद एक व्यक्ति ट्रक के साथ रगड़ता हुआ काफी दूर तक चला गया. जबकि दूसरा व्यक्ति ट्रक की टक्कर से आगे की तरफ सड़क पर जा गिरा. बाइक में दो लोग सवार थे. जिनमें से एक की हालत सुरक्षित बताई जा रही है. जबकि दूसरे की जान चली गई.हादसे में अशोक यादव उम्र 38 साल निवासी कुम्हड़ाई खुर्द की हादसे के बाद मौके पर ही मौत हो गई.
चश्मदीदों के मुताबिक ट्रक धान से भरी हुई थी और तेज रफ्तार में चल रही थी. गहना मुड़ा के पास बाइक को टक्कर मारने के बाद चालक ने वाहन नहीं रोका और चिचिया हाई स्कूल तक युवक को घसीटते हुए ले गया. जिससे घटनास्थल पर भयानक् नजारा बन गया.
हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई. स्थानीय लोगों ने पुलिस को खबर दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच कर रही है.
इस हृदयविदारक हादसे ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की प्रवृत्ति पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग किया कि भारी वाहनों की गति पर सख्ती से नियंत्रण किया जाए और दोषी चालक पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए.
गौरतलब है कि इसी क्षेत्र में दो दिन पहले भी सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत हुई थी. जिससे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है. शुक्रवार की रात तीन हादसे में 4 युवक की मौत हुई थी. जिसमें दो हादसे नेशनल हाइवे पर हुए थे. पिछले 14 माह में देवभोग़ थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में 25 से ज्यादा मौतें हो गई. साल भर पहले ही बनकर तैयार हुआ नेशनल हाईवे की सड़क पहले की अपेक्षा दुगुनी चौड़ी हो गई.
बीच में सफेद पट्टी के बावजूद ज्यादातर स्थानीय ग्रामीण चालक अपनी ट्रैक के बजाए दूसरे ट्रैक में रहते हुए हादसे का शिकार हुए हैं. ऐसे में यातायात के बेसिक नियम, सुरक्षा के उपाय के साथ साथ हाइवे किनारे बसे ग्रामीणों को विभिन्न प्लेटफार्म पर हाइवे पर चलने सिखाने की जरुरत है. सिंगल सड़क पर चलते आ रहे ग्रामीण चौड़ी सड़क पर चलने में चूक कर रहे और अपनी जान गवा रहे हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



