12.538 किलो गांजे के साथ पुलिस की गिरफ्त में युवक-युवती, इधर फिंगेश्वर में दो नाबालिग समेत 5 गांजा तस्कर गिरफ्तार, टाटा सफारी जप्त
A young man and woman were arrested with 12.538 kg of marijuana. Meanwhile, in Fingeshwar, five marijuana smugglers, including two minors, were arrested and a Tata Safari was seized.
फिंगेश्वर में दो नाबालिग समेत 5 गांजा तस्कर गिरफ्तार
फिंगेश्वर : रायपुर रेंज में चल रहे रेंज स्तरीय “ऑपरेशन निश्चय” के तहत गरियाबंद पुलिस को मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने 19 किलो 400 ग्राम अवैध गांजा के साथ दो नाबालिग समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इस कार्रवाई में गांजा तस्करी से जुड़े नेटवर्क पर एण्ड टू एण्ड (End to End) कार्रवाई की गई है.
मिली जानकारी के मुताबिक 14 जनवरी 2026 को थाना फिंगेश्वर पुलिस को मुखबिर से खबर मिली कि उड़ीसा से कुछ तस्कर छुरा रोड होते हुए फिंगेश्वर की तरफ गांजा परिवहन व बिक्री के लिए आ रहे हैं. खबर की तस्दीक के बाद थाना प्रभारी फिंगेश्वर के नेतृत्व में थाना के सामने वाहन चेकिंग लगाई गई. इसी दौरान मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए और नंबर के आधार पर एक संदिग्ध टाटा सफारी नम्बर CG 04 MD 5000) को रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर अंदर से अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ.
गवाहों के समक्ष तौल कराने पर गांजे का वजन 19 किलो 400 ग्राम पाया गया. जिसकी अनुमानित कीमत 9 लाख 70 हजार रुपये है. इसके साथ जुर्म में इस्तेमाल वाहन (कीमत करीब 3 लाख रुपये) और 3 मोबाइल फोन (कीमत करीब 30 हजार रुपये) भी जब्त किए गए। कुल जब्त सामग्री की कीमत करीब 13 लाख रुपये आंकी गई है.
मौके पर वाहन चालक व सवार व्यक्तियों से पूछताछ में उनकी पहचान अजय साहू (उम्र 35 साल), अंगद राम गायकवाड़ (उम्र 50 साल), और दो नाबालिग के रुप में हुई, आरोपियों के खिलाफ धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत जुर्म दर्ज किया गया, जांच के दौरान आरोपियों से पूछताछ में यह सामने आया कि गांजा उड़ीसा से खरीदकर अभनपुर निवासी महेन्द्र वर्मा के पास बिक्री के लिए ले जाया जा रहा था, इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए फिंगेश्वर पुलिस की टीम ने अभनपुर, जिला रायपुर पहुंचकर गांजा खरीदने वाले महेन्द्र वर्मा (उम्र 27 साल) को भी गिरफ्तार कर लिया.
इस प्रकार मामले में कुल 5 आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर अदालत के सामने पेश किया गया है.
गिरफ्तार आरोपी:
अजय साहू, उम्र 35 साल वार्ड 17 हसदा, थाना मगरलोड, जिला धमतरी
अंगद राम गायकवाड़, उम्र 50 साल हसदा, थाना मगरलोड, जिला धमतरी
महेन्द्र वर्मा, उम्र 27 साल निवासी अभनपुर, जिला रायपुर
दो नाबालिग
जप्त सामग्री:
19 किलो 400 ग्राम अवैध गांजा (कीमत करीब ₹9.70 लाख)
टाटा सफारी वाहन CG 04 MD 5000 (कीमत करीब ₹3 लाख)
3 मोबाइल फोन (कीमत करीब ₹30 हजार)
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB
12.538 किलो गांजे के साथ पुलिस की गिरफ्त में युवक-युवती
धमतरी : धमतरी जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अर्जुनी पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने धमतरी-नगरी मार्ग पर ग्राम भोयना ग्राम पंचायत के पास नाकाबंदी कर 12.538 किलोग्राम गांजा के साथ दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 4 लाख 43 हजार 880 रुपये की संपत्ति जप्त की है.
पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देशानुसार जिले में अवैध नशे के कारोबार पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है. इसी कड़ी में थाना अर्जुनी को मुखबिर से खबर मिली कि धमतरी-नगरी मार्ग पर गांजा का अवैध परिवहन किया जा रहा है. खबर मिलते ही पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर नाकाबंदी की और एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 12.538 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया. जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 25 हजार 380 रुपये बताई गई है. इसके अलावा एक बजाज मोटरसाइकिल (कीमत करीब 2 लाख 85 हजार रुपये) और चार मोबाइल फोन (कीमत करीब 33 हजार 500 रुपये) जप्त किए गए. कुल जप्त मशरुका की कीमत 4 लाख 43 हजार 880 रुपये आंकी गई है.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तिलेश सिंह ठाकुर उम्र 27 साल निवासी गोपीबंद, पंडरिया, थाना पंडरिया जिला कोरबा और तरुणा सिंह राजपूत उम्र 26 साल निवासी सुभाष ब्लॉक, एसईसीएल कॉलोनी, थाना कोतवाली जिला कोरबा के रुप में हुई है.
पुलिस ने थाना अर्जुनी में अपराध क्रमांक 05/26 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है. मामले की जांच जारी है और गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है.
धमतरी पुलिस ने साफ किया है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की कार्रवाई से क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगेगा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



