दादी के साथ बिस्तर पर सो रही 11 वर्षीय छात्रा की करैत सांप के काटने से इलाज के दौरान मौत, परिवार में पसरा मातम
An 11-year-old student sleeping on the bed with her grandmother died during treatment due to a krait snake bite, the family is in mourning
कोरबा : कोरबा जिले में करैत सांप के डसने से 11 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई. मृतिका की पहचान रीना कुमारी यादव पिता कम्हन यादव के रुप में हुई है. इस घटना से परिवार में मातम पसर गया है. घटना हरदी बाजार थाना क्षेत्र के भाटिकुड़ा की है.
मिली जानकारी के मुताबिक बीती रात 5वीं कक्षा छात्रा रीना अपनी दादी के साथ बिस्तर पर सो रही थी. अचानक वह चिल्लाते हुए उठी और रोने लगी. परिवार को लगा कि शायद किसी बरसाती कीड़े ने काट लिया है. जब लाइट जलाई गई. तो बिस्तर पर करैत सांप दिखा. परिजन सांप को पकड़ने की कोशिश कर ही रहे थे कि वह मिट्टी की दीवार में घुस गया. कुछ देर बाद रीना की तबीयत बिगड़ने लगी. परिजन उसे फौरन जिला अस्पताल ले गए. लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
जिला अस्पताल चौकी पुलिस ने मामला दर्ज कर परिजनों का बयान लिया है. स्नेक कैचर अविनाश यादव ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में सांप के काटने पर लोग अस्पताल ले जाने की बजाय झाड़-फूंक में समय बर्बाद करते हैं. इससे मरीज की जान जा सकती है. जिसे लेकर जनजागरुकता अभियान चलाया जा रहा है. लोगों को समझाया जा रहा है कि सांप काटने पर फौरन अस्पताल जाएं.



