लव मैरिज से नाराज दामाद का तीन साले और ससुर ने बिदाई के बहाने बुलाकर काटा गला, भाई पर भी हमला, इलाके में फैली सनसनी, चार आरोपी गिरफ्तार
Angry over a love marriage, the son-in-law was called by his three brothers-in-law and father-in-law on the pretext of a farewell ceremony and was strangled. His brother was also attacked, causing a sensation in the area and four accused arrested.
लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. काकोरी थाना क्षेत्र के लालता खेड़ा गांव में प्रेम विवाह से नाराज ससुराल पक्ष ने 25 साल के युवक की बेरहमी से हत्या कर दी. पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक विदाई के बहाने दामाद रामसागर उम्र 25 साल को काकोरी के लालता खेड़ा गांव में बुलाया गया, जहां पहले उसके साथ मारपीट की गई. फिर सीने और पेट में कई बार चाकू घोंपे गए और आखिर में गला काटकर मौत के घाट उतार दिया गया. बीच-बचाव करने पहुंचे मृतक के भाई पर भी हमला किया गया. पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
पीलीभीत जिले के माधौटांडा क्षेत्र का निवासी रामसागर उम्र 25 साल फेरी लगाकर कपड़े बेचने का काम करता था. करीब एक साल पहले रामसागर ने लालता खेड़ा गांव निवासी भीमा की बेटी कामिनी से लव मैरिज किया था. दोनों ने पहले मंदिर में शादी की और बाद में कोर्ट मैरिज कर ली. शादी के बाद दंपति पीलीभीत में रहने लगे थे. बताया जा रहा है कि इस शादी से युवती का परिवार नाराज था और लगातार दोनों पर रिश्ता खत्म करने का दबाव बना रहा था.
परिजनों के मुताबिक कुछ समय पहले कामिनी के घरवालों ने रीति-रिवाज से शादी कराने का बहाना बनाकर उसे मायके बुला लिया. इसके बाद परिवार ने कामिनी पर रामसागर से संबंध तोड़ने का दबाव बढ़ा दिया और उसकी शादी दूसरी जगह तय करने की कोशिशें शुरु कर दीं. हालांकि कामिनी और रामसागर के बीच संपर्क बना रहा. जिससे परिवार की नाराजगी और बढ़ गई.
मृतक के भाई राहुल गौतम के मुताबिक 16 फरवरी को कामिनी के पिता भीमा, भाई सुमित, अमित और रिश्तेदार पंकज उर्फ बल्ले ने रामसागर को लालता खेड़ा गांव बुलाया. सोमवार देर रात रामसागर अपने भाई राहुल के साथ बाइक से गांव पहुंचा. आरोप है कि वहां आरोपियों ने बातचीत के बहाने रामसागर को गांव के बाहर ले जाकर उस पर कामिनी से रिश्ता खत्म करने का दबाव बनाया.
जब रामसागर ने रिश्ता खत्म करने से इंकार किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरु कर दी. इसी दौरान सुमित ने चाकू निकालकर रामसागर के सीने और पेट पर ताबड़तोड़ वार किए. गंभीर रुप से घायल होने के बाद भी हमलावर नहीं रुके और उन्होंने उसका गला काट दिया. भाई राहुल ने बीच-बचाव की कोशिश की, तो उस पर भी चाकू से हमला कर दिया गया. जिससे वह घायल हो गया.
राहगीरों के आने की आहट पाकर आरोपी मौके से फरार हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से रामसागर को सरोजनी नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. वारदात की खबर मिलने के बाद पुलिस और एसीपी काकोरी शकील अहमद मौके पर पहुंचे और जांच शुरु की. मृतक के भाई की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपियों भीमा, सुमित, अमित और पंकज को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जांच में प्रेम विवाह और युवती की दूसरी जगह शादी तय करने को लेकर विवाद की बात सामने आई है. इसी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
रामसागर के परिवार में उसकी मां आनंदवती, भाई आदर्श और बहन लक्ष्मी हैं. इस नृशंस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की और कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



