चलती बस में बेहोश हुआ ड्राइवर, कंडक्टर ने लगाई ब्रेक, पेड़ से टकराई गाड़ी, 5 घायल, अफरा तफरी माहौल, यात्रियों ने कहा- खराब वाहन का उपयोग
Driver fainted in a moving bus, conductor applied brakes, vehicle collided with a tree, 5 injured, chaos ensued, passengers said - using a faulty vehicle
बालोद : छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में 40 मुसाफिरों से भरी पायल बस में बड़ा हादसा टल गया. दुर्ग जा रही बस का ड्राइवर अचानक बेहोश हो गया. हालात बिगड़ते देख कंडक्टर ने फौरन ब्रेक लगाया. लेकिन बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई. हादसे में ड्राइवर समेत 5 लोग घायल हो गए. घायलों को 108 एंबुलेंस से गुंडरदेही अस्पताल पहुंचाया गया. जहां इलाज जारी है. मामले की जांच की जा रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक गुंडरदेही पुलिस के मुताबिक दल्लीराजहरा से दुर्ग जा रही बस सिकोसा गांव के पास हादसे का शिकार हो गई. घायलों में बस ड्राइवर गुंडरदेही निवासी गिरधारी निर्मलकर उम्र 40 साल और पटेली (डौंडी) से ग्वालियर जा रहे यात्री अनिल शर्मा उम्र 45 साल शामिल हैं. तीन अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई. जबकि 35 यात्री सुरक्षित है.
प्रत्यक्षदर्शी वीरेंद्र साहू ने बताया कि सामने बैठे यात्रियों ने देखा कि ड्राइवर अचानक बेहोश हो गया. जब यात्रियों ने उसे बाहर निकाला तब भी वह होश में नहीं था. पुलिस का कहना है कि ड्राइवर की तबीयत बिगड़ने से हादसा हुआ. बीपी, शुगर या ब्लड प्रेशर बढ़ने जैसी वजह सामने आ सकती हैं.
इधर यात्री अनिल शर्मा ने आरोप लगाया कि बस पहले से ही खराब थी. पीछे के चक्के का पट्टा टूटा होने की आशंका यात्रियों ने जताई थी. बस एक तरफ झुककर चल रही थी. इसके बावजूद उसे दुर्ग ले जाया जा रहा था. यात्रियों का कहना है कि हादसे के समय बस की रफ्तार कम होने से बड़ी जनहानि टल गई. मामले की जांच की जा रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



