गर्लफ्रेंड से मुलाकात के कुछ देर बाद बाड़ी में मिली किसान की लाश, हत्या की आशंका, प्रेम प्रसंग बना मौत की वजह?, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

Farmer's body found in orchard shortly after meeting girlfriend; murder suspected—did a love affair lead to his death? Post-mortem report to reveal the cause of death.

गर्लफ्रेंड से मुलाकात के कुछ देर बाद बाड़ी में मिली किसान की लाश, हत्या की आशंका, प्रेम प्रसंग बना मौत की वजह?, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

बिलासपुर/सीपत : बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कौड़िया में बुधवार देर शाम एक 28 साल के किसान का शव घर के पीछे स्थित बाड़ी में संदिग्ध हालत में मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई. मृतक के गले पर चोट के निशान मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए गांव की ही एक युवती पर शक जाहिर किया है. खबर मिलते ही सीपत थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना कर सबूत जुटाए.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है. मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम कौड़िया के पटेलपारा निवासी चंद्रप्रकाश पटेल उम्र 28 साल स्व नानदाऊ पटेल के बेटे थे और खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. बुधवार देर शाम उनका शव घर के पीछे स्थित बाड़ी में पड़ा मिला.
परिजनों की नजर पड़ने पर उन्होंने मृतक के गले पर चोट के निशान देखे और सीपत थाना पुलिस को खबर दी.  खबर मिलते ही थाना प्रभारी राजेश मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. जबकि फोरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक सबूत इकठ्ठा किए.
प्रेम प्रसंग के एंगल से भी हो रही जांच
सीपत थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में यह जानकारी सामने आई है कि शादीशुदा होने के बावजूद चंद्रप्रकाश का गांव की ही एक युवती से कथित प्रेम संबंध था. घटना वाले दिन युवती उससे मिलने उसके घर आई थी. इसके बाद संदिग्ध हालत में चंद्रप्रकाश का शव बाड़ी में मिला. परिजनों ने युवती पर हत्या का शक जताया है. पुलिस इस पहलू को गंभीरता से लेते हुए युवती से पूछताछ कर रही है और अन्य सबूतों को भी खंगाल रही है. थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने बताया कि फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है। मौत की असल वजह का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही हो सकेगा.