रेलिंग से टकराई अनियंत्रित बाइक, बेटी के सामने माता-पिता ने तोड़ा दम, बच्ची गंभीर रूप से घायल, मची अफरा-तफरी, दर्दनाक हादसे से उजड़ा परिवार

Out-of-control bike crashes into railing; parents die in front of daughter; child critically injured; chaos ensues; family devastated by tragic accident.

रेलिंग से टकराई अनियंत्रित बाइक, बेटी के सामने माता-पिता ने तोड़ा दम, बच्ची गंभीर रूप से घायल, मची अफरा-तफरी, दर्दनाक हादसे से उजड़ा परिवार

जांजगीर-चांपा : जांजगीर-चांपा जिले में बुधवार सुबह भारत माला रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे में उनके साथ बाइक पर सवार बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई. हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. घायल बच्ची को पुलिस और आसपास मौजूद लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया. जहां से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बिलासपुर रेफर किया गया है. यह हादसा भारत माला रोड पर हरदी विशाल के पास सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच हुआ.
कोरबा की तरफ़ जा रहे थे तीनों
मिली जानकारी के मुताबिक मृतक मूलमूला थाना क्षेत्र के करूमहू गांव के रहने वाले 40 वर्षीय दिलेश कोसले और उनकी 36 वर्षीय पत्नी उषा कोसले बुधवार सुबह दोनों अपनी बेटी के साथ बाइक से किसी काम के सिलसिले में कोरबा की तरफ जा रहे थे। तीनों एक ही बाइक पर सवार थे.
इसी दौरान हरदी विशाल के पास भारत माला रोड पर अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई. बाइक सड़क किनारे लगी रेलिंग से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर सवार तीनों लोग सड़क पर जा गिरे. हादसे में पति-पत्नी को गंभीर चोटें आईं और दिलेश कोसले और उनकी पत्नी उषा कोसले ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
सड़क पर हादसा होते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे. हादसे की खबर पुलिस को दी गई. स्थानीय लोगों ने घायल 16 वर्षीय बेटी शिवानी को संभाला और पुलिस की मदद से उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. बच्ची की हालत नाजुक होने की वजह से चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया है.
हादसे की खबर मिलने के बाद पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और हादसे से जुड़ी जानकारी जुटाई. हादसे में क्षतिग्रस्त बाइक को भी मौके से हटाया गया.
बाइक अनियंत्रित होने का कारण स्पष्ट नहीं
फिलहाल बाइक अचानक अनियंत्रित होकर रेलिंग से क्यों टकराई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है. क्या बाइक की रफ्तार ज्यादा थी, चालक का संतुलन बिगड़ा या सड़क पर किसी दूसरी वजह से यह हादसा हुआ. इसकी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी. बलौदा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. हादसे की परिस्थितियों और चश्मदीदों से मिली जानकारी के आधार पर हादसे की वजह का पता लगाया जा रहा है.
परिवार में पसरा मातम
एक ही हादसे में पति-पत्नी की मौत और बेटी के गंभीर रूप से घायल होने की खबर से करूमहू गांव में मातम का माहौल है. घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन भी अस्पताल और घटनास्थल की ओर रवाना हुए. पुलिस द्वारा हादसे से संबंधित आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?