जीवित को बताया मृत और राशन कार्ड हो गया रिजेक्ट, कलेक्टर के सामने खड़ी हो गई महिलाएं, बोलीं- हम जिन्दा हैं, पंचायत सचिव को किया गया सस्पेंड
The living person was declared dead and the ration card was rejected, the women stood in front of the collector and said- we are alive, the Panchayat Secretary was suspended
बिलासपुर : बिलासपुर जिले में मस्तूरी ब्लॉक के ग्राम पंचायत भिलाई में पदस्थ और मड़ई का अतिरिक्त प्रभार देख रहे पंचायत सचिव विशेषर श्रीवास को सस्पेंड कर दिया गया है. उनके खिलाफ मुख्यमंत्री खाद्यान्न योजना के तहत राशन कार्ड जैसे अहम काम में लापरवाही बरतने का आरोप लगा है. सचिव की शिकायत कलेक्टर को जनदर्शन में मिली थी.
सीईओ जिला पंचायत द्वारा जारी आदेश के मुताबिक मस्तूरी तहसील के ग्राम पंचायत भिलाई में पदस्थ पंचायत सचिव विशेषर श्रीवास जिन्हें ग्राम पंचायत मड़ई का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया था. श्रीवास द्वारा गंभीर लापरवाही बरतते हुए ग्राम पंचायत मड़ई में राशनकार्ड हितग्राही श्रीमती फिरतीन बाई पति स्व. दरबार एवं अन्य 4 जीवित हितग्राहियों को मृत बताकर प्रतिवेदन खाद्य नियंत्रक शाखा बिलासपुर को भेज दिया था.
इस प्रतिवेदन के आधार पर हितग्राहियों का राशनकार्ड रिजेक्ट कर दिया गया. कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत मिलने पर कलेक्टर अवनीश शरण ने मामले की जांच के आदेश दिए थे. जांच में आरोप सही पाया गया. शासन की अहम योजना मुख्यमंत्री खाद्यान्न योजना के पालन में पंचायत सचिव द्वारा अपने कर्तव्यों और दायित्वों के निर्वहन में उदासीनता और लापरवाही बरतना पाया गया.
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मस्तूरी के प्रस्ताव पर कर्तव्यों के पालन में लापरवाही बरतने पर पंचायत सचिव विशेषर श्रीवास को पंचायत सेवा नियम 1999 के नियम 4 (1) के तहत 24 दिसंबर 2024 को सस्पेंड कर दिया गया.
निलंबन अवधि में श्रीवास का मुख्यालय जनपद पंचायत मस्तूरी निर्धारित किया गया है. इस दौरान उन्हें जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी. नवागांव के पंचायत सचिव को ग्राम पंचायत भिलाई का अतिरिक्त प्रभार और ग्राम पंचायत कुकदा के पंचायत सचिव को ग्राम पंचायत मड़ई का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI



