दर्दनाक सड़क हादसा, पूजा के लिए फूल लेकर लौट रहे व्यापारी को तेज रफ्तार पिकअप ने मारी टक्कर, वाहन जप्त, आरोपी चालक फरार, तलाश में जुटी पुलिस
Tragic road accident: A businessman returning with flowers for puja was hit by a speeding pickup truck. The vehicle was seized and the accused driver absconded. Police are searching for him.
कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में कटघोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले शहीद वीर नारायण सिंह चौक के पास सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. सुबह-सुबह घर में पूजा करने के लिए फूल लेकर लौट रहे कटघोरा के एक प्रतिष्ठित हार्डवेयर व्यापारी को तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए व्यापारी ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है.
फूल लेकर लौट रहे थे घर, काल बनकर आई पिकअप
मिली जानकारी के मुताबिक कटघोरा निवासी प्रतिष्ठित हार्डवेयर व्यापारी दीपक गोयल सुबह रोज़ की तरह अपने घर में पूजा-पाठ करने के लिए बाइक से फूल लेने गए हुए थे. सुबह जब वे फूल लेकर वापस अपने घर लौट रहे थे. तभी शहीद वीर नारायण सिंह चौक के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप नम्बर CG07 CS 0919 ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दीपक गोयल सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए.
बाइक को घसीटते हुए भागा चालक
चश्मदीदों के मुताबिक हादसा बेहद खौफनाक था, व्यापारी को जोरदार टक्कर मारने के बाद भी पिकअप चालक ने वाहन की रफ्तार कम नहीं की और न ही गाड़ी रोकी. वह दुर्घटनाग्रस्त बाइक को पिकअप के नीचे फंसाकर काफी दूर तक घसीटते हुए मौके से तेजी से भाग निकला. सुबह-सुबह चौक पर मौजूद लोग जब तक कुछ समझ पाते. आरोपी चालक वाहन समेत ओझल हो चुका था.
अस्पताल में तोड़ा दम, पुलिस ने पिकअप को किया जब्त
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से लहूलुहान हालत में व्यापारी दीपक गोयल को अस्पताल ले जाया गया. जहाँ उनकी नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया. लेकिन सिर और शरीर पर आई गंभीर चोटों की वजह से इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.
आरोपी ड्राइवर अभी भी फरार, पिकअप जब्त
इधर, हादसे की खबर मिलने के बाद कटघोरा थाना पुलिस एक्शन में आई. पुलिस ने नाकेबंदी और छानबीन करते हुए हादसे को अंजाम देने वाली पिकअप गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया है. हालांकि आरोपी ड्राइवर अभी भी फरार बताया जा रहा है. कटघोरा पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार आरोपी ड्राइवर की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



