ऑनलाइन ट्रेडिंग में 36.70 लाख की ठगी, राजनांदगांव में मुनाफा दिलाने का झांसा देकर दो महिलाओं से रकम लेकर फरार, पुलिस ने आरोपी कैलाश को पकड़ा

₹36.70 lakh fraud in online trading; accused Kailash absconded after taking money from two women in Rajnandgaon under the pretext of generating profits; police have arrested him.

ऑनलाइन ट्रेडिंग में 36.70 लाख की ठगी, राजनांदगांव में मुनाफा दिलाने का झांसा देकर दो महिलाओं से रकम लेकर फरार, पुलिस ने आरोपी कैलाश को पकड़ा

राजनांदगांव/डोंगरगढ़ : ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश कर अच्छा मुनाफा कमाने का लालच देकर दो महिलाओं से लाखों रुपए लेने का मामला सामने आया है. आरोप है कि ‘प्योर ट्रेडिंग’ नाम की कंपनी में निवेश के नाम पर दोनों महिलाओं से कुल 82 लाख 50 हजार रुपए लिए गए. इसमें से 45 लाख 80 हजार रुपए वापस किए गए. जबकि 36 लाख 70 हजार रुपए नहीं लौटाए गए. लगातार रकम मांगने के बाद भी पैसे वापस नहीं मिलने पर दोनों महिलाओं ने पुलिस से शिकायत की. मामले की जांच के बाद डोंगरगढ़ पुलिस ने आरोपी कैलाश सेठी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक यह मामला ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश करने पर अच्छा मुनाफा दिलाने के वादे से जुड़ा है. आरोप है कि कैलाश सेठी ने डोंगरगढ़ की दो महिलाओं को ऑनलाइन ट्रेडिंग में पैसा लगाने पर ज्यादा मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाया था. इसके बाद अलग-अलग तारीखों में दोनों महिलाओं से ऑनलाइन और नकद माध्यम से रकम ली गई.
पहली शिकायत डोंगरगढ़ के वार्ड नंबर 21 रेस्ट हाउस निवासी प्रतिमा पाल ने दर्ज कराई. शिकायत के मुताबिक प्रतिमा ने 30 मई 2023 से 4 मई 2025 के बीच आरोपी को अलग-अलग किस्तों में कुल 27 लाख 50 हजार रुपए दिए थे. कुछ समय बाद उन्हें करीब 19 लाख रुपए वापस कर दिए गए. लेकिन बाकी 8 लाख 50 हजार रुपए नहीं लौटाए गए. प्रतिमा पाल ने अपनी बची हुई रकम वापस मांगी. लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी पैसे नहीं मिले. बार-बार रकम मांगने के बावजूद कोई समाधान नहीं निकलने पर उन्होंने डोंगरगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई.
दूसरा मामला नमिता चौबे से जुड़ा है. नमिता ने 7 फरवरी 2023 से 7 मई 2025 के बीच ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर आरोपी को कुल 55 लाख रुपए दिए थे. इसमें से करीब 26 लाख 80 हजार रुपए उन्हें वापस मिले. लेकिन बाकी 28 लाख 20 हजार रुपए नहीं लौटाए गए. नमिता ने भी काफी समय तक अपनी रकम वापस मिलने का इंतजार किया. इसके बाद भी जब पैसे नहीं मिले तो उन्होंने पुलिस से शिकायत की.
दोनों शिकायतों की जांच में सामने आया कि महिलाओं से कुल 82 लाख 50 हजार रुपए लिए गए थे. इसमें 45 लाख 80 हजार रुपए वापस किए गए. जबकि कुल 36 लाख 70 हजार रुपए वापस नहीं किए गए. शिकायतों के आधार पर डोंगरगढ़ पुलिस ने दोनों मामलों में अलग-अलग जुर्म दर्ज कर जांच शुरु की.
पुलिस ने ऑनलाइन और नकद लेन-देन से जुड़े तथ्यों की जांच की और आरोपी कैलाश सेठी को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पुलिस का कहना है कि ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर ज्यादा मुनाफे का प्रलोभन देकर रकम लेने के बारे में पुख्ता सबूत मिलने के बाद आरोपी को 30 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत के सामने पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.
डोंगरगढ़ थाने में दर्ज दोनों मामलों में बीएनएस की धारा 318(4) और 238 के तहत कार्रवाई की गई है. पुलिस अब पूरे लेन-देन, निवेश के नाम पर ली गई रकम और उसके इस्तेमाल से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb