दोस्त ने रेस्टोरेंट संचालक के बेटे की ली जान, शराब-पिलाने की जिद पर बेल्ट से गला घोंटा, शव फर्श पर लिटाया, खुद दुकान के सामने सो गया
A friend killed the restaurant owner's son, strangling him with a belt after insisting on a drink, laying the body on the floor and falling asleep in front of the shop.
बालोद : छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है. जहां रेस्टोरेंट संचालक के बेटे की उसके ही बचपन के दोस्त ने मामूली विवाद में हत्या कर दी. मामला शराब पीने की जिद से शुरु हुआ और देखते ही देखते यह एक दुखद घटना में बदल गया. अर्जुन्दा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.
30 नवंबर की रात दम बिरयानी सेंटर, अर्जुन्दा में दुर्गेश देवांगन उर्फ दादू उम्र 27 साल अपने क्लासमेट पवन कुमार कंवर उम्र 27 साल और अन्य दोस्तों के साथ बैठा शराब पी रहा था. रात करीब 10 बजे कुछ दोस्त शराब लेने बाहर चले गए. इसी दौरान दुर्गेश ने पवन से और शराब लाने और पीने की बात कही. इसी बात पर दोनों के बीच बहस बढ़ी और स्थिति बिगड़ गई.
गुस्से में पवन ने अपना चमड़े का बेल्ट निकाला और दुर्गेश का गला कस दिया. कुछ ही मिनट में उसकी मौत हो गई. हत्या के बाद आरोपी ने शव को फर्श पर लिटाया और पास की दुकान में जाकर सो गया. मानो कुछ हुआ ही नहीं.
रात 11 बजे के करीब दोस्त लौटे और दुर्गेश को उठाने की कोशिश की. लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. सब घबरा गए और उसे अर्जुन्दा अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. उसके शरीर पर चोट के निशान, नाक से खून और जीभ बाहर होने के आधार पर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई.
पुलिस ने पहले सभी 8 दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ की. सभी ने खुद को अनजान बताया. तभी साइबर टीम ने बिरयानी सेंटर के सामने लगे CCTV कैमरों को खंगाला. फुटेज में वही साफ दिखा जिसकी आशंका थी.. पवन बेल्ट से दुर्गेश का गला दबाते हुए नजर आया. इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया और BNS धारा 103 (हत्या) के तहत केस दर्ज किया गया.
बालोद एसपी योगेश पटेल ने बताया कि पोस्टमॉर्टम में भी हत्या की पुष्टि मिली. "दोनों शराब पी रहे थे. इसी दौरान विवाद हुआ और पवन ने गला दबाकर हत्या कर दी." आरोपी को जेल भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है.
आरोपी पवन पहले से तनावग्रस्त था. शराब के दौरान विवाद बढ़ा और आवेश में आकर उसने यह कदम उठा लिया. एक क्षणिक गुस्से ने दोस्ती, दो परिवारों और एक जिंदगी को खत्म कर दिया.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



