नकली वारंट-असली धमकी और 1 लाख की उगाही, करोड़ों की ठगी का हिसाब, पीएमटी फर्जीवाड़ा के दो नटवरलाल MBBS छात्र गिरफ्तार

Fake warrant, real threat, extortion of Rs 1 lakh, accounting for fraud worth crores, two MBBS students arrested for PMT fraud

नकली वारंट-असली धमकी और 1 लाख की उगाही, करोड़ों की ठगी का हिसाब, पीएमटी फर्जीवाड़ा के दो नटवरलाल MBBS छात्र गिरफ्तार

गरियाबंद/छुरा : छुरा पुलिस ने एक बेहद सुनियोजित ठगी और धमकी के मामले का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों आरोपी पेशे से MBBS के छात्र हैं. लेकिन पिछले कई साल से प्रदेश और बाहर के राज्यों में फर्जीवाड़ा, धमकी और परीक्षाओं में नकल कराने जैसे गंभीर मामलों में शामिल रहे हैं. पुलिस ने दोनों को दबोचकर एक बार फिर उनके काले कारनामों का खुलासा किया है.
मिली जानकारी के मुताबिक प्रार्थी खेमचंद (थाना छुरा क्षेत्र) को डाक से एक फर्जी नॉन-बेलेबल वारंट भेजा गया था. आरोपी निखिल राज ने उसे संपर्क कर धमकी दी कि “दो लाख रुपये नहीं दोगे तो जेल भेज दूंगा” डर के चलते प्रार्थी ने अगस्त में ही आरोपी को 1 लाख रुपये दे दिया और वह फर्जी वारंट भी सौंप दिया. इसके बाद निखिल राज और उसका साथी चन्द्रशेखर उर्फ चंदन सेन लगातार धमकाते हुए और पैसे की मांग करने लगे.
शिकायत मिलते ही मामला गंभीर मानते हुए गरियाबंद SP और SDOP के निर्देशन में विशेष टीम बनाई गई. थाना छुरा की टीम ने आरोपी कनसिंघी, थाना छुरा, जिला गरियाबंद निवासी चन्द्रशेखर उर्फ चंदन सेन को पकड़कर पूछताछ की. जिसमें अपने साथी आरोपी सिजारी खुर्द, थाना मउरानीपर, जिला झांसी, उप्र निवासी निखिल राज के ट्रेन से भागने की जानकारी दी. इस पर तत्काल ट्रेन के लोकेशन के आधार पर आरपीएफ बिलासपुर एवं पेण्ड्रारोड की मदद से आरोपी निखिल राज को पकड़ कर लाया गया. दोनों ने पूछताछ में अपना जुर्म करना कर लिया।
दोनों वर्ष 2007 से MBBS पढ़ रहे हैं. और ज्यादा खर्च करने की आदत की वजह से 2009 से फर्जीवाड़े व धोखाधड़ी में सक्रिय हैं. दोनों PMT परीक्षा में मुन्नाभाई स्टाइल से असली उम्मीदवार की जगह नकली परीक्षार्थियों को बैठाकर लाखों रुपये कमाते थे.
दोनों पर कई राज्यों में दर्ज हैं गंभीर केस, लाखों से लेकर 5 करोड़ तक की ठगी
चंद्रशेखर सेन पर दर्ज प्रमुख मामले
2009 पीएमटी फर्जीवाड़ा केस – महासमुंद
2010 पीएमटी फर्जीवाड़ा केस – बिलासपुर
3 लाख की ठगी – जगदलपुर
19 लाख की ठगी – दुर्ग
55 हजार, 1.30 लाख, 26.80 लाख की धोखाधड़ी — विभिन्न थाने
कुल 8 से ज्यादा धोखाधड़ी के मामले

निखिल राज पर दर्ज मामले
2009 पीएमटी फर्जीवाड़ा केस
महासमुंद 2010 पीएमटी फर्जीवाड़ा केस
बिलासपुर,गुरुग्राम में 5 करोड़ की बड़ी धोखाधड़ी
कुल 3 बड़े अपराध दर्ज काले कारनामों की पुलिस पड़ताल करेगी
अब तक की अवैध संपत्ति की जांच शुरु
दोनों आरोपी स्व बलीराम कश्यप मेडिकल कॉलेज जगदलपुर में वर्ष 2007 से MBBS के छात्र हैं. पुलिस अब कॉलेज प्रबंधन से उनका पूरा ब्योरा साझा करने जा रही है. साथ ही अब तक अर्जित अवैध संपत्ति की जांच भी अलग से की जाएगी. छुरा पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में दहशत और दबाव बनाकर ठगी करने वाले नेटवर्क पर बड़ा हमला हुआ है. आरोपी लंबे समय से कानून की आंख में धूल झोंकते फिर रहे थे. लेकिन अब सलाखों के पीछे हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t