कुकदा डैम में बड़ा हादसा, रायपुर से पिकनिक मनाने पहुंचे युवक-युवती की डूबने से मौत, मस्ती अचानक मातम में बदली, दोनों परिवार में शोक का माहौल

A major accident occurred at Kukda Dam. A young man and woman who had come from Raipur for a picnic drowned. The fun suddenly turned into mourning, and both families were in mourning.

कुकदा डैम में बड़ा हादसा, रायपुर से पिकनिक मनाने पहुंचे युवक-युवती की डूबने से मौत, मस्ती अचानक मातम में बदली, दोनों परिवार में शोक का माहौल

गरियाबंद/पाण्डुका : छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले स्थित कुकदा डैम में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया. पिकनिक मनाने और गर्मी से राहत पाने रायपुर से पहुंचे चार युवक-युवतियों के ग्रुप में से दो लोगों की डैम में डूबने से मौत हो गई. हादसे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
मिली जानकारी के मुताबिक रायपुर निवासी चार युवक-युवती शाम के समय कुकदा डैम पहुंचे थे. सभी लोग डैम में नहाने और घूमने का आनंद ले रहे थे. इसी दौरान एक युवक पीयूष मंडल उम्र 22 साल और एक युवती सिंपी शर्मा उम्र 30 साल गहरे पानी में चले गए. देखते ही देखते दोनों पानी में डूबने लगे. साथ आए दोस्तों ने उन्हें बचाने की कोशिश की. लेकिन पानी अधिक गहरा होने के कारण दोनों को बाहर नहीं निकाला जा सका.
शाम 6 बजे हुआ हादसा, मौके पर पहुंची पांडुका पुलिस
बताया जा रहा है कि यह हादसा शाम करीब 6 बजे हुआ. हादसे की जानकारी मिलते ही पांडुका पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद और काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को डैम से बाहर निकाला गया. हादसे के बाद कुकदा डैम में मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई और माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए गरियाबंद जिला अस्पताल भेज दिया. फिलहाल मृतकों की पहचान और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है.
पर्यटन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
कुकदा डैम गरियाबंद जिले का लोकप्रिय पर्यटन और पिकनिक स्पॉट माना जाता है. जहां हर दिन बड़ी तादाद में लोग घूमने और नहाने पहुंचते हैं. लेकिन इस हादसे के बाद एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि डैम के गहरे हिस्सों में चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा इंतजाम पर्याप्त नहीं हैं. जिससे इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आती रहती हैं.
चेतावनी बोर्ड लगाने की जरुरत
गर्मी के मौसम में डैम और जलाशयों में बढ़ती भीड़ के बीच यह हादसा एक बड़ा चेतावनी संकेत बनकर सामने आया है. प्रशासन और स्थानीय सुरक्षा एजेंसियों के लिए यह जरुरी हो गया है कि पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t