सरकार से आश्वासन के बाद राइस मिलरों में दो फाड़, एक गुट ने की हड़ताल खत्म करने की घोषणा, एसोसिएशन प्रदेश अध्यक्ष- हालात में अभी कोई बदलाव नहीं
After assurance from the government, rice millers were divided into two groups, one group announced to end the strike, Association State President said that there is no change in the situation yet
रायपुर : छत्तीसगढ़ राइस मिलों में हुई छापेमारी के बाद कई दिनों से चल रही राइस मिलरों की हड़ताल के बीच मिलरों का एक गुट हड़ताल से अलग हो गया है. इन लोगों ने एक प्रेस नोट जारी कर ये बात कही है. दूसरी तरफ छत्तीसगढ़ राइस मिलर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष योगेश अग्रवाल ने कहा है कि हालात में अभी कोई बदलाव नहीं आया है. हम अपने स्टैंड पर कायम हैं. माना जा रहा है कि राइस मिल वालों का आंदोलन दो फाड़ हो गया है.
दूसरे गुट ने जारी किया ये बयान
छत्तीसगढ़ के सभी जिलों और विशेषकर बड़े चावल उत्पादन केंद्रों से राइस मिलरों के प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और खाद्य विभाग के सचिव, एमडी और अन्य शासकीय अधिकारियों से मुलाकात की.
मुख्यमंत्री साय से भी समय-समय पर प्रतिनिधिमंडल ने मिल कर उन्हें राइस मिलरों की समस्याओं से अवगत कराया. राज्य सरकार को मिलरों की तरफ से प्रतिवेदन दिया था. जितनी भी मांगें थी. सभी को शासन द्वारा संवेदनशीलता के साथ सुना. सरकार ने हमारी मांगों पर सकारात्मक रुप से विचार करने का आश्वासन दिया है. छत्तीसगढ़ के राइस मिलर शासन के आश्वासन से पूरी तरह संतुष्ट हैं.
बनाएंगे संभागीय टीम
हमने यह तय किया है कि आने वाले समय में राइस मिलरों की मांगों को मंच देने हम संभागीय टीम बनायेंगे. यह टीम समय-समय पर चर्चा कर मिलरों की समस्याओं से शासन को अवगत कराएगी. हम इस प्रेस विज्ञप्ति के जरिए साफ करते हैं कि सभी राइस मिलर एकजुट हैं. हम शासन तक अपनी बात पहुंचाने के लिए सक्षम हैं. किसी तीसरे पक्ष को हमारे मामले में दखल देने की जरुरत नहीं है. प्रदेश में कुछ निहित स्वार्थी समूह लगातार किसान और मिलरों के विषय में भ्रम फैलाने में लगे थे. आज की बातचीत के बाद उस भ्रम का पूरी तरह से निवारण हो गया है. किसानों के हित में हम सरकार के साथ खड़े हैं. शासन द्वारा खरीदे गए धान का दाना-दाना मीलिंग करने हम प्रतिबद्ध हैं. प्रदेश की जनता के हित में सभी मिलर काम पर जुट गए हैं. धान का उठाव शुरु हो गया है. हम अपनी हड़ताल खत्म करने की घोषणा करते हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI



