धार्मिक आस्था पर हमला, महामाया मंदिरों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 1 महिला समेत 2 आरोपी गिरफ्तार, 1.75 लाख के जेवरात बरामद

Attack on religious faith: Gang stealing from Mahamaya temples busted; two accused, including a woman, arrested; jewelry worth ₹1.75 lakh recovered.

धार्मिक आस्था पर हमला, महामाया मंदिरों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 1 महिला समेत 2 आरोपी गिरफ्तार, 1.75 लाख के जेवरात बरामद

मुंगेली : मंदिरों में चोरी की वारदातों से परेशान पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. थाना लालपुर क्षेत्र के ग्राम कंतेली स्थित आदि महामाया मंदिर में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया. पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जबकि दो आरोपी पहले से ही अन्य मामलों में जेल में बंद हैं. आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मंदिरों से चोरी किए गए करीब 1 लाख 75 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर भी बरामद किए हैं.
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी सिर्फ एक मंदिर चोरी की वारदात में शामिल नहीं थे. बल्कि उन्होंने मुंगेली जिले के दो मंदिरों सहित कबीरधाम जिले के एक मंदिर को भी निशाना बनाया था. पूछताछ में आरोपियों ने कई चोरी की घटनाओं का खुलासा किया है. पुलिस की कार्रवाई से मंदिर चोरी के कई पुराने मामले भी सुलझ गए हैं.
29 जून 2026 को ग्राम कंतेली स्थित आदि श्री महामाया मंदिर ट्रस्ट के प्रतिनिधि सुरेश यादव ने थाना लालपुर पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि 28 और 29 जून की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर गर्भगृह में प्रवेश किया और मां महामाया की प्रतिमा पर चढ़े सोने-चांदी के जेवर चोरी कर ले गए. चोर मंदिर से चांदी के मुकुट, चांदी की माला, सोने का मंगलसूत्र, करधन, कटहर, ढार सहित अन्य धार्मिक जेवर ले गए थे.
इस शिकायत के आधार पर थाना लालपुर में अपराध क्रमांक 104/2026 दर्ज कर धारा 331(2), 305(डी), 3(5) बीएनएस के तहत जांच शुरू की गई. साइबर सेल और थाना लालपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी सबूतों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई.
इसी दौरान पुलिस को आरोपी अश्वनी आहिरे के संबंध में अहम जानकारी मिली. पुलिस ने 19 जुलाई 2026 को अश्वनी आहिरे निवासी नगपुरा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की. शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा. लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने चोरी की पूरी वारदात कबूल कर ली.
आरोपी ने बताया कि उसने अपने जीजा मंजीत पुरले और साथी पप्पू उर्फ सुनील गोस्वामी के साथ मिलकर मंदिर चोरी की योजना बनाई थी. तीनों रात करीब 12 से 1 बजे के बीच लोहे का हथौड़ा लेकर कंतेली स्थित महामाया मंदिर पहुंचे. उन्होंने पहले मंदिर का चैनल गेट तोड़ा और इसके बाद गर्भगृह में प्रवेश कर देवी प्रतिमा पर चढ़े जेवर चोरी कर लिए. चोरी के बाद उन्होंने सामान को जमकोर पहुंचाकर पप्पू गोस्वामी की मां चंपाबाई गोस्वामी के पास छिपाकर रख दिया.
आरोपी ने एक और बड़ा खुलासा किया। उसने बताया कि वर्ष 2025 में ग्राम कोदवाबानी स्थित महामाया मंदिर में हुई चोरी की वारदात को भी इसी गिरोह ने अंजाम दिया था. इस घटना में मंदिर से करीब 96 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर चोरी किए गए थे. इस मामले में भी थाना लालपुर में जुर्म दर्ज था. लेकिन आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर थे. इसके अलावा आरोपी ने कबीरधाम जिले के ग्राम सिल्हाटी स्थित महादेव मंदिर में हुई चोरी की घटना में भी अपनी संलिप्तता कबूल की.
पुलिस के मुताबिक करीब 10 से 15 दिन पहले आरोपियों ने इस मंदिर को भी निशाना बनाया था और वहां से चोरी किए गए जेवर भी छिपाकर रखे गए थे. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चंपाबाई गोस्वामी को हिरासत में लिया. पूछताछ में उसने चोरी के सामान को अपने पास रखना कबूल किया. इसके बाद पुलिस ने उसके कब्जे से मंदिरों से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर बरामद कर लिया.
बरामद सामान में चांदी के मुकुट, चांदी की माला, करधन, ढार, सिक्कों वाली रूपया माला, सोने की पत्तियां और अन्य धार्मिक आभूषण शामिल हैं. पुलिस ने कुल करीब 1.75 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है. गिरफ्तार आरोपियों में अश्वनी आहिरे पिता संतोष आहिरे, उम्र 24 वर्ष, निवासी नगपुरा थाना नवागढ़ जिला बेमेतरा और चंपाबाई गोस्वामी पति बालाराम निवासी ग्राम जमकोर थाना मुंगेली शामिल हैं. दोनों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया. वहीं मामले में शामिल मंजीत पुरले और पप्पू उर्फ सुनील गोस्वामी पहले से ही अन्य मामलों में जेल में बंद हैं.
गिरफ्तार आरोपी
अश्वनी आहिरे पिता संतोष उम्र 24 साल निवासी नगपुरा थाना छिरहा जिला बेमेतरा छ.ग.
श्रीमती चंपा बाई पति बालाराम उम्र 45 साल निवासी जमकोर थाना मुंगेली
पहले ही जेल मे बंद -
मंजीत पुरले पिता खोमन उम्र 30 साल निवासी देवरी थाना मुंगेली
पप्पु उर्फ सुनील गोस्वामी पिता बालाराम उम्र 29 साल निवासी जमकोर थाना मुंगेली
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?