बेंद्री डैम में डूबे युवक सुधांशु तिवारी का शव 24 घंटे बाद बरामद, SDRF ने ढूंढ निकाला, पसरा मातम, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवाल
Body of youth Sudhanshu Tiwari, who drowned in Bendri Dam, recovered after 24 hours by SDRF; mourning prevails, and questions are being raised regarding safety measures.
रायपुर : राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र स्थित बेंद्री डैम में डूबे 30 साल के युवक सुधांशु तिवारी का शव करीब 24 घंटे बाद बरामद कर लिया गया है. सोमवार सुबह से SDRF की टीम द्वारा चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के बाद गोताखोरों ने घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर नदी में शव को खोज निकाला.
मिली जानकारी के मुताबिक रविवार शाम सुधांशु तिवारी अपने दोस्तों के साथ बेंद्री डैम में नहाने के लिए पहुंचे थे. इसी दौरान अचानक पानी की गहराई में जाने से तीन युवक डूबने लगे. मौके पर मौजूद मछुआरों ने बचाव अभियान शुरू किया और दो युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. लेकिन सुधांशु तिवारी गहरे पानी में चले गए और उनका कोई पता नहीं चल सका.
घटना की खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची. इसके बाद लापता युवक की तलाश के लिए लगातार अभियान शुरू किया गया. सोमवार सुबह करीब 6 बजे से SDRF के प्रशिक्षित गोताखोरों ने डैम और आसपास के जल क्षेत्र में खोजबीन शुरू की. कई घंटों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद SDRF की टीम को कामयाबी मिली. घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर नदी के हिस्से में सुधांशु तिवारी का शव मिला. टीम ने शव को पानी से बाहर निकाला और आगे की कार्रवाई के लिए उरला थाना पुलिस को सौंप दिया.
उरला थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के बारे में मृतक के परिजनों और दोस्तों से जानकारी जुटाई जा रही है. बताया जा रहा है कि बेंद्री डैम में पिछले सात दिनों के भीतर डूबने की यह दूसरी घटना है. लगातार हो रही घटनाओं के कारण अब डैम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां बड़ी तादाद में लोग नहाने और घूमने के लिए पहुंचते हैं. लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से हादसों का खतरा बना रहता है.
बारिश के मौसम में नदी, डैम और जलाशयों में पानी का स्तर बढ़ जाता है. ऐसे समय में गहरे पानी में जाना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है. प्रशासन और पुलिस द्वारा लोगों से अपील की जाती है कि वे जल स्रोतों के पास सावधानी बरतें और बिना सुरक्षा इंतजाम के गहरे पानी में उतरने से बचें. SDRF की टीम ने एक बार फिर अपनी तत्परता दिखाते हुए घंटों की मेहनत के बाद युवक का शव बरामद किया. हालांकि इस घटना ने एक परिवार को गहरा सदमा दिया है. सुधांशु तिवारी की मौत से परिजनों और परिचितों में शोक का माहौल है.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग किया कि बेंद्री डैम जैसे स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए. ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



