जमीन विवाद में हिंसक झड़प, लाठी-कुल्हाड़ी से किया हमला, बेटा बेहोश, कई गंभीर रुप से घायल, चार आरोपी गिरफ्तार कर भेजे गए जेल

Land dispute: Violent clash, attack with sticks and axes; son unconscious, several seriously injured; four accused arrested and sent to jail

जमीन विवाद में हिंसक झड़प, लाठी-कुल्हाड़ी से किया हमला, बेटा बेहोश, कई गंभीर रुप से घायल, चार आरोपी गिरफ्तार कर भेजे गए जेल

जशपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह जिला जशपुर के बगीचा थाना क्षेत्र के ग्राम भट्ठी कोना में रविवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई. इस हिंसा में प्रार्थी पक्ष के कई सदस्य गंभीर रुप से घायल हो गए. जबकि प्रार्थी का बेटा गंभीर चोट लगने से बेहोश हो गया. पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया.
मिली जानकारी के मुताबिक यह विवाद ग्राम भट्ठी कोना स्थित शासकीय भूमि खसरा क्रमांक 221/1 के कब्जे को लेकर प्रार्थी सज्जन राम नगेसिया (58 साल) और आरोपी देवनंदन यादव के परिवार के बीच लंबे समय से चला आ रहा था. घटना वाले दिन, 30 नवंबर 2025 को प्रार्थी अपने परिवार के साथ अपनी कब्जे वाली खसरा क्रमांक 221/3 पर घेरा लगाने और हल जोतने के लिए पहुंचे. सुबह करीब 10 बजे आरोपी देवनंदन यादव अपने परिवार के सदस्यों के साथ लाठी-डंडे, पत्थर और कुल्हाड़ी लेकर मौके पर पहुंचे और लगाए गए खंभों को उखाड़ने लगे.
प्रार्थी पक्ष के विरोध करने पर आरोपी पक्ष ने उन पर हमला कर दिया. हमले के दौरान आरोपी राजेश यादव ने अपनी कुल्हाड़ी से प्रार्थी के बेटे के सिर पर वार किया. जिससे वह बेहोश हो गया. इसके अलावा प्रार्थी, उसकी बेटी और परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हुए.
इस वारदात की खबर मिलते ही एसडीएम बगीचा और एसडीओपी बगीचा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. तनावपूर्ण हालात को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और हालात को कंट्रोल किया गया. घायल व्यक्तियों को शासकीय अस्पताल, बगीचा में भर्ती कराया गया. जहां उनका इलाज चल रहा है.
पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपियों में देवनंदन यादव (68 साल), केशव प्रसाद यादव (66 साल), राजेश यादव (36 साल) और रामस्नेही यादव (36 साल) शामिल हैं. जो ग्राम झापी दरहा के निवासी हैं.
मौके से लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी भी जब्त किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म करना कबूल किया. सबूत मिलने के बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 351(2), 115(2), 109 और 191(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच कर रही है.
आरोपी
1. देवनन्दन यादव उम्र 68 साल
2. केशव प्रसाद यादव उम्र 66 साल
3. राजेश यादव उम्र 36 साल
4. रामस्नेही यादव उम्र 36 साल
सभी निवासी ग्राम झापी दरहा थाना बगीचा
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t