सीमांकन के दौरान पटवारी और कोटवारों के साथ जमकर मारपीट, मोबाइल छीनने की कोशिश, मची अफरातफरी, एफआईआर दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
Patwari and Kotwars were brutally assaulted during demarcation, attempt was made to snatch mobile phones, chaos ensued, FIR registered, police engaged in investigation.
गौरेला/पेन्ड्रा : गौरेला जिला अंतर्गत गौरेला थाना क्षेत्र में सारकारी काम के दौरान एक पटवारी और कोटवारों के साथ गाली-गलौच, मारपीट के प्रयास और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है.
मिली जानकारी के मुताबिक तहसीलदार न्यायालय पेन्ड्रारोड के आदेशानुसार ग्राम गौरेला में भूमि सीमांकन करने पहुंचे पटवारी हीरा सिंह पेन्द्रो के साथ स्थानीय युवक दीपक तिवारी ने अभद्र व्यवहार करते हुए उनके काम में बाधा उत्पन्न की.
इस घटना के बाद प्रार्थी पटवारी की लिखित शिकायत पर पुलिस ने आरोपी दीपक तिवारी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132 और 221 के तहत जुर्म द्दर्ज कर मामले को जांच में ले लिया है.
पटवारी हल्का नंबर 19 पेन्ड्रारोड में पदस्थ हीरा सिंह पेन्द्रो 11 मई 2026 को ग्राम गौरेला स्थित खसरा नंबर 205/1 और 205/3 के सीमांकन के लिए पहुंचे थे. इस दौरान उनके साथ ग्राम कोटवार रमेश काशीपुरी और चंदनलाल भी मौजूद थे. जैसे ही पटवारी ने मौके पर पहुंचकर नक्शे से भूमि का मिलान शुरू किया. उसी वक़्त दीपक तिवारी वहां आ धमका. आरोपी ने आते ही सरकारी काम का विरोध करते हुए पटवारी को गंदी-गंदी अश्लील गालियां देना शुरू कर दिया. विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने पटवारी के साथ छीना-झपटी करते हुए उनकी मोटरसाइकिल की चाबी छीन ली और मारपीट का प्रयास किया.
जब पटवारी ने अपने मोबाइल से इस पूरी घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की. तो आरोपी ने उनका मोबाइल भी छीनने का प्रयास किया. मौके पर बीच-बचाव करने आए दोनों ग्राम कोटवारों के साथ भी आरोपी ने बदसलूकी की और उनके साथ भी मारपीट की कोशिश की.
आरोपी के इस उग्र रूप को देखकर सीमांकन कराने आए आवेदक और उनके अधिवक्ता डर के मारे मौके से भाग खड़े हुए. घटना से बुरी तरह डरकर पटवारी और दोनों कोटवार भी अपनी जान बचाते हुए वहां से भागे.
कुछ दूरी पर जाने के बाद आरोपी ने एक कोटवार को मोटरसाइकिल की चाबी वापस की, जिसके बाद सभी सुरक्षित अपने कार्यालय पहुंचे। पटवारी हीरा सिंह पेन्द्रो ने इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी फौरन राजस्व निरीक्षक को दी. इसके बाद उन्होंने गौरेला थाने उपस्थित होकर आरोपी दीपक तिवारी के खिलाफ लिखित आवेदन पेश किया. जिस पर पुलिस ने सरकारी काम में बाधा डालने और धमकी देने की धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



