गुटखा कारोबारियों पर पुलिस का शिकंजा, राजिम में हुई सरप्राइज चेकिंग, पुलिस-खाद्य विभाग की संयुक्त कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप
Police tightened its grip on gutkha traders, surprise checking in Rajim, joint action by police and food department created panic among shopkeepers
गरियाबंद/राजिम : स्वास्थ्य के लिए खतरनाक और कानूनी रुप से प्रतिबंधित तम्बाकूयुक्त जर्दा गुटखा बेचने वालों के खिलाफ अब प्रशासन सख्त नजर आ रहा है. वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गरियाबंद पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने राजिम थाना क्षेत्र की कई दुकानों पर अचानक दबिश दी. इस सरप्राइज चेकिंग से दुकानदारों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
मिली जानकारी के अनुसार 3 सितम्बर 2025 को थाना प्रभारी राजिम निरीक्षक अमृत साहू और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी पुष्पा चौहान के नेतृत्व में टीम गठित की गई. टीम ने राजिम क्षेत्रांतर्गत संचालित गुटखा-पान मसाला विक्रेताओं के ठिकानों की गहन जांच की.
जांच के दौरान विभिन्न ब्रांड के तम्बाकू युक्त गुटखा और पान मसाला के पैकेट बरामद किए गए. खास बात यह रही कि पैकेटों में पाई गई सामग्री मानक मात्रा से कम थी. इस पर संयुक्त टीम ने दुकानदारों को कड़ी चेतावनी देते हुए जरुरी समझाइश दी.
अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य विक्रेताओं में भी हड़कंप मच गया है. प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी. किसी भी तरह से मानव स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.
प्रशासन का सख्त संदेश :
“जर्दा गुटखा और तम्बाकू सेवन से जहां एक तरफ लोगों का स्वास्थ्य प्रभावित होता है. वहीं नियम के खिलाफ बिक्री पर कानूनी कार्रवाई तय है. इस तरह की चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे. ताकि लोगों को इस घातक लत से बचाया जा सके.”
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएं. जिससे गुटखा-तम्बाकू के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लग सके.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



