ननद ने भाभी को कुल्हाड़ी से हमला कर उतारा मौत के घाट, मर्डर के बाद भाभी के फाड़े कपड़े, वारदात को रेप दिखाने की कोशिश, महिला गिरफ्तार
Sister-in-law killed her sister-in-law with an axe, tore her clothes after the murder, attempted to portray the incident as rape, woman arrested
कबीरधाम : छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में आपसी विवाद में ननद ने भाभी को कुल्हाड़ी से काट डाला. इसके बाद मर्डर को रेप जैसा दिखाने के लिए उसने लाश के कपड़े फाड़ दिए. ताकि पुलिस गुमराह हो जाए और शक किसी पुरुष पर जाए. आरोपी ने सोशल मीडिया से देखकर ये आईडिया सीखा था. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. यह मामला लोहारा थाना क्षेत्र के ग्राम सिंगारपुर का है.
मिली जानकारी के मुताबिक घर के कामकाज और बंटवारे की बात को लेकर ननद-भाभी के बीच तानेबाजी और अक्सर झगड़ा होता था. दोनों के बीच पहले भी कई बार मारपीट हो चुकी थी. जिसके बाद ननद ने प्लानिंग कर भाभी का मर्डर कर दिया.
खेत में काम कर रही थी, पीछे से किया हमला
3 मई को बेलसिया छेदैया उम्र 32 साल खेत में काम करने गई थी. तभी प्लानिंग के तहत ननद ने बेलसिया पर पीछे से हमला कर दिया. उसने कुल्हाड़ी से सिर पर लगातार कई वार किए. जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. आरोपी चाहती थी कि मामला दुष्कर्म या सामूहिक अपराध जैसा लगे, इसलिए उसने शव को निर्वस्त्र किया
शादी के बाद मायके में रहती थी ननद
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी मालती मरकाम उम्र 33 साल का पति नरेन्द्र मरकाम शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था. इस वजह से वह लगभग 5 साल पहले अपने ससुराल को छोड़कर मायके ग्राम सिंगारपुर चली आई और तब से यहीं रह रही थी.
भाभी के ताने से परेशान थी ननद
घर के कामकाज और बंटवारे की बात को लेकर दोनों के बीच झगड़े होते रहते थे. इससे पहले भी कई बार मारपीट हो चुकी थी. भाभी के ताने से ननद परेशान थी. जिसके बाद उसने सोशल मीडिया में देखकर भाभी को मारने की प्लानिंग की. करीब 6 महीने पहले भी आरोपी महिला ने भाभी का गला दबाकर मारने की कोशिश की थी. लेकिन उस समय परिवार के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था.
3 मई को मिली लाश, तब हुआ खुलासा
3 मई 2026 को झोंकाखार खेत में एक महिला का शव संदिग्ध हालत में मिला. खबर मिलते ही लोहारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. महिला का शव निर्वस्त्र पड़ा था. उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे. शुरुआती जांच में पुलिस इसे रेप के बाद हत्या का मामला मान रही थी. पुलिस ने मौके पर मर्ग पंचनामा की कार्रवाई की और अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की. जांच में पता चला कि महिला ग्राम सिंगारपुर निवासी बेलसिया छेदैया उम्र 32 साल है. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी धर्मेंद्र सिंह ने जांच टीम का गठन किया और तुरंत जांच के निर्देश दिए.
घटनास्थल से मिले कई अहम सबूत
पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की. जांच के दौरान लोहे की रपली (छोटी कुल्हाड़ी), हंसिया, टूटी चूड़ियां, कपड़ों के टुकड़े, बटन और साड़ी पिन जैसे अहम सबूत मिले. साइबर सेल और एफएसएल टीम की मदद से इसकी जांच की गई. जांच में पता चला कि महिला के साथ रेप नहीं हुआ है. बल्कि शव को निर्वस्त्र जानबूझ कर किया गया था. ताकि मामला रेप का लगे. पुलिस टीम ने बेलसिया के परिजनों और संदिग्धों से पूछताछ की.
सोशल मीडिया से देखकर तरीका सीखा
इसके बाद संदेही मालती मरकाम से लगातार पूछताछ की गई. सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने मोबाइल और सोशल मीडिया में इस तरह की घटनाएं देखी थीं. उसी से उसे यह तरीका सूझा. हालांकि पुलिस की शुरुआती जांच और मेडिकल रिपोर्ट में साफ हो गया कि बेलसिया के साथ किसी तरह का दुष्कर्म नहीं हुआ था. पूरी वारदात पारिवारिक रंजिश में की गई थी.
पुलिस ने आरोपी मालती मरकाम को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया. जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



