करंट लगाकर जंगली जानवरों का शिकार करने की कोशिश हुई जानलेवा साबित, युवक की मौत से गांव में मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस
The attempt to hunt wild animals by applying electric current proved fatal, the death of the youth caused a stir in the village, police started investigation
महासमुंद/सरायपाली : महासमुंद जिले में सरायपाली थाना क्षेत्र के ग्राम लंबर के पास जंगल में जंगली जानवरों का शिकार करने के लिए बिछाए गए बिजली के तार की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान चैतन सिंह उम्र 47 साल निवासी ग्राम डोंगरीपाली के रुप में हुई है. सरायपाली पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ जुर्म दर्ज कर जांच शुरु कर दी है
मिली जानकारी के मुताबिक सोहन सिंह उम्र 43 साल निवासी डोंगरीपाली ने सरायपाली थाना में शिकायत दर्ज कराई कि 8 जून को चैतन सिंह की तबीयत खराब होने की वजह से उसे इलाज के लिए लंबर ले जाया जा रहा था. रास्ते में लंबर के पास पूर्व सरपंच निर्मल जाटवर की ब्रिक्स फैक्ट्री के निकट चैतन पैसा मांगने के बहाने उतरा और अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की तरफ भाग गया. परिजनों ने उसकी खोजबीन की. लेकिन उस दिन कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन 9 जून को परिजनों और ग्रामीणों ने लंबर के पास धनराज जंगल में तलाश जारी रखी. वहां चैतन सिंह का शव छाती के बल पड़ा मिला। उनके दाहिने पैर के टखने और बाएं घुटने के नीचे की हड्डी जल चुकी थी.
जांच में पता चला कि जंगल में जंगली जानवर का शिकार करने के लिए बिछाए गए करंट युक्त तारों की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई. बताया गया कि चैतन सिंह मानसिक रुप से बीमार भी था. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी डॉक्टरों ने मौत की वजह बिजली का करंट बताया।
सरायपाली पुलिस ने परिजनों, पंचों के बयान और पीएम रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। सरायपाली पुलिस ने जांच शुरु कर दी है और दोषियों की तलाश में जुट गई है. इस घटना ने क्षेत्र में बिजली के तारों से शिकार के अवैध कार्यों पर सवाल उठाए हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



