पशु ढोने वाले वाहन में नेताओं के कटआउट परिवहन का हुआ विरोध, निगम आयुक्त का सख्त एक्शन, तीन अफसरों को थमाया नोटिस

The transportation of cutouts of politicians in cattle vehicles was met with protest, leading to strict action by the Municipal Commissioner, who issued notices to three officers.

पशु ढोने वाले वाहन में नेताओं के कटआउट परिवहन का हुआ विरोध, निगम आयुक्त का सख्त एक्शन, तीन अफसरों को थमाया नोटिस

कोरबा : छत्तीसगढ़ राज्य के स्थापना दिवस पर आयोजित रजत जयंती राज्योत्सव कार्यक्रम में नगर निगम कोरबा की गंभीर लापरवाही उजागर हुई है. ओपन थिएटर में आयोजित राज्योत्सव स्थल पर मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और श्रम मंत्री सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के कटआउट को पशु ढोने वाले वाहन (काऊ कैचर ट्रॉली) में लाने की शिकायत के बाद निगम प्रशासन में हड़कंप मच गया.
आयुक्त आशुतोष पांडेय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तीन अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर 48 घंटे में जवाब तलब किया है. बताया जा रहा है कि यह घटना दूसरी बार दोहराई गई है. जबकि 11 सितम्बर 2025 को भी इसी तरह नेताओं के कटआउट पशु ट्रॉली में ढोए जाने पर चेतावनी दी गई थी.
मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्रियों सहित जनप्रतिनिधियों की गरिमा से जुड़ा यह मुद्दा अत्यंत संवेदनशील है. भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोहराई गई तो कठोर कार्रवाई की जाएगी.
वहीं, युवा भाजपा नेता अमित टमकोरिया ने इस मामले पर आवाज उठाई और निगम प्रशासन को चेतावनी दी कि अगर दोषियों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो वे प्रदर्शन करेंगे. टमकोरिया ने महापौर को ज्ञापन सौंपते हुए मामले की जांच की मांग की थी. जिसके बाद ही निगम अमला हरकत में आया और आयुक्त ने त्वरित कार्रवाई की.
इस पूरे घटनाक्रम ने राज्योत्सव की तैयारियों के बीच नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब सबकी निगाहें निगम प्रशासन पर हैं कि क्या वाकई में संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी या यह मामला महज चेतावनी तक ही सीमित रह जाएगा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t