दो बाइक की आमने-सामने टक्कर, एक की मौत, पति-पत्नी समेत दो बच्चे घायल, इधर नवापारा के छात्र की डूबने से मौत, पसरा मातम

Two bikes collided head-on, killing one person, injuring a husband and wife and two children. Meanwhile, a student from Navapara drowned, causing widespread mourning.

दो बाइक की आमने-सामने टक्कर, एक की मौत, पति-पत्नी समेत दो बच्चे घायल, इधर नवापारा के छात्र की डूबने से मौत, पसरा मातम

दो बाइक की आमने-सामने टक्कर, एक की मौत, पति-पत्नी समेत दो बच्चे घायल

अभनपुर/छाटा/सोनसिली : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से लगे अभनपुर क्षेत्र में सोमवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया. छाटा सोनसिली मोड़ के पास दो मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौके पर मौत हो गई. जबकि चार अन्य लोग गंभीर रुप से घायल हो गए. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक के परखच्चे उड़ गए और सवार कई फीट दूर जा गिरे.
मिली जानकारी के मुताबिक मनीष तारक पिता अश्वनी तारक उम्र 20 साल निवासी परसदा (सोंठ) सोमवार की शाम अपनी मोटरसाइकिल से किसी काम से जा रहा था. जब वह छाटा सोनसिली मोड़ के पास पहुंचा. तभी सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से उसकी जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों के आगे के हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. दोनों बाइक पर सवार पांच लोग सड़क पर बुरी तरह गिर पड़े. हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को संभाला.
घटना की खबर फौरन 108 एंबुलेंस को दी गई. जिसके बाद सभी घायलों को नवापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया गया. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मनीष तारक को मृत घोषित कर दिया. जबकि चार अन्य घायल युवकों का इलाज जारी है. अस्पताल सूत्रों के मुताबिक घायलों में से दो की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है. उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया.
खबर मिलते ही गोबरा नवापारा पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया. पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया है. और मर्ग कायम करते हुए जांच कर रही है. थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे और सड़क के मोड़ पर नियंत्रण खोने के कारण यह हादसा हुआ. हालांकि सटीक कारणों की पुष्टि वाहन निरीक्षण और गवाहों के बयान के बाद की जाएगी.
मृतक मनीष तारक के निधन की खबर मिलते ही परसदा (सोंठ) गांव में मातम छा गया. परिजन और ग्रामीण अस्पताल पहुंचे तो वहां माहौल गमगीन हो गया. ग्रामीणों ने बताया कि मनीष बेहद शांत और मददगार स्वभाव का युवक था. उसकी अचानक हुई मौत ने सभी को झकझोर दिया है.
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग किया कि छाटा सोनसिली मोड़ पर सड़क सुरक्षा के इंतजाम किए जाएं. क्योंकि इस जगह पर पहले भी कई बार हादसे हो चुके हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर मोड़ के पास पर्याप्त साइनबोर्ड और स्ट्रीट लाइट नहीं है. जिससे शाम के समय दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है.
यह हादसा एक बार फिर प्रदेश में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और तेज रफ्तार पर सवाल खड़े कर रहा है. हाल के महीनों में रायपुर-अभनपुर मार्ग पर लगातार ऐसी घटनाएं बढ़ी हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि वाहन चालकों में ट्रैफिक नियमों के प्रति लापरवाही और सड़क पर अंधे मोड़ों पर सुरक्षा चिन्हों की कमी, इन घटनाओं के असल वजह हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t

नवापारा के छात्र की डूबने से मौत, पसरा मातम

रायपुर : नवा रायपुर स्थित ब्लू वाटर खदान में डूबने से 2 बच्चों की मौत हो गई. SDRF और पुलिस की संयुक्त टीम ने दोनों बच्चे के शव बरामद कर लिया है. इसमें एक बालक रायपुर का रहने वाला है. जबकि दूसरा बच्चा नवापारा-राजिम का है. दोनों छात्र टाटीबंध स्थित छत्तीसगढ़ पब्लिक स्कूल में पढ़ते थे. घटना के बाद नवापारा में शोक की लहर दौड़ गई है.
मिली जानकारी के मुताबिक 31 अक्टूबर को नौ छात्रों का एक ग्रुप क्लास बंक कर ब्लू वाटर खदान घूमने पहुंचा था। सभी स्कूल यूनिफॉर्म में ही आए थे. इसी दौरान जयेश और मृदुल नहाने के लिए पानी में उतरे और गहरे पानी में चले गए. ब्लू वाटर खदान की गहराई काफी ज्यादा है और इसका पानी नीला दिखाई देता है.
दोनों को डूबते देख दोस्तों ने शोर मचाया और मदद के लिए पुकारा. लेकिन यह इलाका आउटर में होने की वजह से कोई मदद नहीं मिल सकी. खबर मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरु किया. अंधेरा बढ़ने की वजह से रात में सर्चिंग रोक दी गई. 1 नवंबर को जयेश का शव बरामद हुआ. जबकि 2 नवंबर की सुबह मृदुल का शव भी निकाल लिया गया. पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया.
बता दें कि रायपुर कबीर नगर निवासी जयेश साहू 15 साल और नवापारा-राजिम निवासी मृदुल वंजारी 10वीं के छात्र थे. और टाटीबंद स्थित छत्तीसगढ़ पब्लिक स्कूल के हॉस्टल में रहते थे. बताया जा रहा है कि दोनों को तैरना नहीं आता था.
शव मिलने के बाद मृदुल वंजारी का शव नवापारा गांधी चौक स्थित उनके निवास लाया गया. जहां पर गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया. घटना के बाद नगर में शोक की लहर दौड़ गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
इस हादसे के बाद स्कूल प्रबंधन की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं. यह साफ नहीं है कि हॉस्टल में रहने वाले छात्र बिना अनुमति के कैसे बाहर निकल गए और माना इलाके तक पहुंच गए. मृदुल के परिवार के बारे में जानकारी मिली है कि उसकी मां ममता बंजारी बड़े गुनियापाल में हॉस्टल अधीक्षिका हैं और पिता तरुण बंजारी किसान हैं.
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और लापरवाही पाए जाने पर स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल इलाके में शोक का माहौल है और ग्रामीण खदान क्षेत्र में सुरक्षा इंतजाम की मांग कर रहे हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t