हादसे में 3 दोस्तों की मौत, घायलों को लेने पहुंची डायल 112 के और ड्राइवर की पिटाई, गुस्साए ग्रामीणों ने ड्राइवर को लात-मुक्कों से पीटा, वीडियो वायरल
Three friends died in an accident; the driver of the 'Dial 112' vehicle, which arrived to pick up the injured, was beaten by angry villagers—who kicked and punched him—in an incident captured in a viral video.
सूरजपुर : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में ग्रामीणों ने डायल 112 के कर्मियों के साथ अमानवीय व्यवहार करते हुए जमकर मारपीट की. ग्रामीणों ने 112 टीम में शामिल पुलिस आरक्षक के ऊपर बैठकर और ड्राइवर को लात-मुक्कों और चप्पल से इतना पीटा कि वे बेहोश हो गए. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर तेजी के साथ वायरल हो रहा है.
मिली जानकारी के मुताबिक प्रतापपुर-सेमरसोत रोड पर खड़े ट्रक से तेज बाइक टकरा गई. बाइक में चार युवक बैठे हुए थे. तेज रफ्तार में ट्रक से टकराने के करण चारो गंभीर रूप से घायल हो गए. खबर पर प्रतापपुर से डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची. पहले हादसे में दो घायलों को टीम ने प्रतापपुर हॉस्पिटल पहुंचाया. जब टीम दोबारा पहुंची तो ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया.ग्रामीणों का आरोप था कि गाड़ियों की चेकिंग और ट्रक को रोकने की वजह से यह हादसा हुआ. इसी बात को लेकर गुस्साए ग्रामीणों ने आरक्षक नीतेश टोप्पो और ड्राइवर के साथ बेरहमी से मारपीट की.
बता दें, ग्राम बैकोना निवासी रूपचंद पैकरा (18), रवि पैकरा (16), ओमप्रकाश पैकरा (15) और अरमान पैकरा (17) एक ही बाइक से खजुरी गांव में आयोजित शादी समारोह में जा रहे थे. इसी दौरान उनकी तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई. हादसे में रूपचंद, रवि और ओमप्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अरमान गंभीर रूप से घायल हो गया.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. 3 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. गंभीर रूप से घायल अरमान पैकरा को अस्पताल पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया.
ग्रामीणों ने ट्रक में लगा दी आग
हादसे के बाद लोगों की भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई. गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक में आग लगा दी. आग इतनी तेजी से फैली कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह जलकर खाक हो गया. हादसे की खबर मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिसकर्मियों ने पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया. उन्होंने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.
डेढ़ घंटे पहले इसी ट्रक से टकराई थी कार
हादसे से करीब डेढ़ घंटे पहले,प्रतापपुर-सेमरसोत रोड पर शिवपुर के पास सड़क किनारे खड़े इसी ट्रक से कार की टक्कर हो गई थी. टक्कर के बाद कार सवारों और ट्रक ड्राइवर के बीच विवाद हो गया. विवाद की खबर पर पुलिस पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची. पुलिस टीम को देखकर ट्रक ड्राइवर सड़क पर ट्रक को छोड़कर भाग निकला. कार का सिर्फ साइड मिरर टूटा था. जिस कारण कार सवार पुलिस के साथ चर्चा के बाद मौके से चले गए. पुलिस टीम भी वापस लौट गई. इसके बाद 11:30 से 12 के बीच सड़क पर खड़े इसी ट्रक से बाइक सवार युवक टकरा गए और बड़ी घटना घट गई.
डायल 112 कर्मियों के साथ मारपीट
हादसे की खबर मिलने पर डायल-112 की टीम दोबारा मौके पर पहुंची. मौके पर गंभीर रूप से 4 बाइक सवार युवक घायल हालत में पड़े थे. डायल-112 की टीम ने दो घायलों को प्रतापपुर अस्पताल पहुंचाया. इसके बाद दो युवकों को लेने के लिए मौके पर पहुंची.
हादसे की खबर पर बैकोना के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए थे. बैकोना के ग्रामीणों ने गाड़ियों की चेकिंग करने और ट्रक को रोकने के कारण हादसा होने का आरोप लगाकर आरक्षक नीतेश टोप्पो और ड्राइवर से मारपीट कर दी.
आरक्षक और ड्राइवर को पीटा
ग्रामीणों ने आरक्षक नीतेश के ऊपर बैठकर लात, मुक्कों से मारा. ड्राइवर को लात-मुक्कों के साथ चप्पलों से बेरहमी से पीटा.मारपीट में नीतेश टोप्पो और ड्राइवर को चोटें आई हैं. शिवपुर के ग्रामीणों ने दोनों को बचाया और दोनों घायलों को डायल 112 टीम ने हॉस्पिटल पहुंचाया. पुलिसकर्मियों से मारपीट के बाद गुस्साए लोगों ने ट्रक को आग के हवाले कर दिया.
कांस्टेबल और ड्राइवर के साथ मारपीट करने वाले ग्रामीणों पर एफआईआर
प्रतापपुर SDOP अनूप एक्का ने बताया, डायल 112 की टीम के साथ मारपीट की खबर पर चार नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ प्रतापपुर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है. अभी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



