धमतरी में दर्दनाक सड़क हादसा, दो बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर, नाइट ड्यूटी पर जा रहे मंडी कर्मचारी की मौत, 2 घायल, इलाज जारी, पसरा मातम
Tragic road accident in Dhamtari: Two bikes collided head-on with great force; a mandi employee heading for night duty died, while two others were injured and are undergoing treatment. Mourning prevails.
धमतरी/अर्जुनी : धमतरी जिला में अर्जुनी थाना क्षेत्र के कुरमातराई गांव के पास गुरुवार देर शाम दो बाइक की टक्कर हो गई. इस हादसे में धमतरी कृषि उपज मंडी कर्मचारी की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं. जिनका इलाज जारी है.
मिली जानकारी के मुताबिक भठेली निवासी मिथिलेश कोसरिया धमतरी कृषि उपज मंडी में चपरासी के पद पर कार्यरत थे. गुरुवार की देर शाम वह अपनी नाइट ड्यूटी के लिए मोटरसाइकिल से धमतरी मंडी आ रहे थे. इसी दौरान अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम कुरमातराई के पास सामने से आ रही एक अन्य मोटरसाइकिल से उनकी सीधी टक्कर हो गई.
घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और तीनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे. हादसे की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद करते हुए तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को खबर दी. गंभीर रूप से घायल मिथिलेश कोसरिया को जिला अस्पताल धमतरी लाया गया. लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. वहीं हादसे में घायल दो अन्य लोगों का इलाज अस्पताल में जारी है.
परिजनों को सौंपा शव
मंडी कर्मचारी की असमय मौत की खबर मिलते ही उनके परिजनों और सहकर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई. जिला अस्पताल में बड़ी तादाद में परिचित और रिश्तेदार पहुंच गए. शुक्रवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डीसी पटेल ने बताया कि दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि दो अन्य घायल हैं. पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के वजह की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जांच में आमने-सामने की टक्कर सामने आई है. हालांकि हादसा किस वजह से हुई, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



