कबीरधाम में 7वीं की छात्रा की मौत, छात्रावास की व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल, परिजनों ने अधीक्षिका पर लापरवाही का लगाया आरोप, हटाई गई वार्डन
Death of a 7th-grade student in Kabirdham; serious questions raised regarding hostel management; relatives accuse the superintendent of negligence; warden removed following the allegations.
कबीरधाम : कबीरधाम जिले के अमेरा आदिवासी कन्या छात्रावास में कक्षा 7वीं की छात्रा की मौत के बाद मामला गरमा गया है। परिजनों ने छात्रावास प्रबंधन पर समय पर इलाज नहीं कराने का आरोप लगाया. मामले को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने संबंधित छात्रावास अधीक्षिका को पद से हटा दिया है. वहीं, घटना की जांच जारी है.
मिली जानकारी के मुताबिक अमेरा आदिवासी कन्या छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रही 7वीं कक्षा की छात्रा बबिता पन्द्राम की 27 जुलाई की रात अचानक तबीयत बिगड़ गई. परिजनों का आरोप है कि उस समय छात्रावास अधीक्षिका मौके पर मौजूद नहीं थीं और छात्रा को समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिल सकी.
परिजनों के मुताबिक उन्हें घटना की जानकारी अगले दिन सुबह दी गई. खबर मिलते ही वे छात्रावास पहुंचे और छात्रा को अस्पताल ले जाने की कोशिश की. लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. परिजनों ने आरोप लगाया कि अगर समय पर इलाज मिल जाता तो छात्रा की जान बच सकती थी. घटना के बाद छात्रा के परिवार में शोक का माहौल है. परिजनों ने जिले के अन्य छात्रावासों की व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि कई जगह अधीक्षक नियमित रूप से उपस्थित नहीं रहते हैं और मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है.
इधर, आदिम जाति कल्याण विभाग की तरफ से मामले में कार्रवाई करते हुए संबंधित छात्रावास अधीक्षिका को हटा दिया गया है. हालांकि यह कार्रवाई आरोपों की पुष्टि नहीं मानी जाएगी. विभागीय जांच के बाद ही लापरवाही और छात्रा की मौत की असल वजह का खुलासा हो सकेगा. प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



