छत्तीसगढ़ में विस्फोटक नष्ट करते समय ब्लास्ट, CRPF के 4 जवान घायल, सुकमा के एलार्मडगु कैंप में दर्दनाक हादसा, दो गंभीर, अस्पताल में इलाज जारी

Explosion occurs while disposing of explosives in Chhattisgarh; 4 CRPF personnel injured. Tragic incident at Sukma's Alarmadgu camp; two are in serious condition and undergoing treatment at the hospital.

छत्तीसगढ़ में विस्फोटक नष्ट करते समय ब्लास्ट, CRPF के 4 जवान घायल, सुकमा के एलार्मडगु कैंप में दर्दनाक हादसा, दो गंभीर, अस्पताल में इलाज जारी

सुकमा : छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में कैंपों में खराब विस्फोटकों को नष्ट करने के दौरान अचानक ब्लास्ट हो गया. हादसे में CRPF के चार जवान घायल हो गए. इनमें दो जवानों को गंभीर चोट आई है. घटना के बाद सभी घायलों को कोंटा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां उनका इलाज चल रहा है.
जरुरत पड़ने पर गंभीर रूप से घायल जवानों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर किया जा सकता है. हादसा भेज्जी थाना क्षेत्र के एलार्मडगु कैंप से करीब 200 मीटर दूर बोदराजपदर नाला के पास हुआ.
विस्फोटक नष्ट करने के दौरान हुआ ब्लास्ट
मिली जानकारी के मुताबिक, CRPF के कोंटा रेंज के पिड़मेल, डब्बाकोंटा, कोलाईगुड़ा और एलार्मडगु कैंपों में रखे खराब और बचे हुए विस्फोटकों को सुरक्षित तरीके से नष्ट करने के लिए जगदलपुर से एम्युनिशन टेक्नीशियन टीम (ATT) एलार्मडगु कैंप पहुंची थी.
टीम गुरुवार को कैंप से करीब 200 मीटर दूर बोदराजपदर नाला के पास सुरक्षा मानकों के तहत विस्फोटकों को नष्ट करने की प्रक्रिया कर रही थी. इसी दौरान अचानक एक विस्फोटक का अंश उड़कर पास में जा गिरा. इसके बाद वहां ब्लास्ट हो गया.
दो जवानों को गंभीर चोट
ब्लास्ट की चपेट में आने से ATT टीम के ASI एमके तिवारी और 50वीं वाहिनी CRPF के ASI अनीश खान गंभीर रूप से घायल हो गए. वहीं ATT टीम के निरीक्षक अमरनाथ मिश्रा और 50वीं वाहिनी CRPF के प्रधान आरक्षक कुलदीप राज को सामान्य चोटें आई हैं.
कोंटा अस्पताल में चल रहा इलाज
हादसे के बाद चारों घायल जवानों को प्राथमिक उपचार दिया गया. इसके बाद उन्हें कोंटा के सरकारी अस्पताल कोंटा ले जाया गया. जहां सभी का इलाज चल रहा है.
गंभीर रूप से घायल दोनों जवानों की हालत पर डॉक्टर लगातार नजर रख रहे हैं. जरूरत पड़ने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर करने की तैयारी भी की जा रही है. फिलहाल सभी घायलों की स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है.
एसपी मयंक गुर्जर ने बताया कि हादसे में घायल चारों जवान सुरक्षित है. और बेहतर इलाज के लिए भद्राचलम भेजा गया है. हादसे की वजह का पता लगाया जा रहा है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb