फर्जी साइबर पुलिस बनकर अपहरण, गांजा के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर 5 लाख मांगे, एक आरोपी गिरफ्तार, तीन फरार आरोपियों की तलाश जारी
Kidnapping by posing as cyber police; ₹5 lakh demanded under threat of framing the victim in a false cannabis case; one accused arrested, search underway for three absconding suspects.
राजनांदगांव : बियर पिलाने के बहाने युवक को बुलाकर उसका अपहरण करने और गांजा के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर 5 लाख रुपये की फिरौती मांगने के मामले में बसंतपुर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से जुर्म में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी जब्त किया है. मामले में शामिल तीन अन्य आरोपियों की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है.
मिली जानकारी के मुताबिक प्रार्थी ने बसंतपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि घटना वाले दिन शाम करीब 6:30 बजे विक्की पवार ने फोन कर उसे बियर पीने के लिए बुलाया था. प्रार्थी डोमिनोज पिज्जा सेंटर के पास पहुंचा. वहां विक्की पवार अपने साथी नवीन साहू के साथ काले रंग की फॉर्च्यूनर कार से पहुंचा और प्रार्थी को अपने साथ कार में बैठा लिया. इसके बाद विक्की पवार कार को अमोरा तालाब से आगे मुंगान घाट के पास एक सुनसान स्थान पर ले गया. वहां उसने प्रार्थी के साथ बियर पी. कुछ देर बाद वह यह कहकर वहां से चला गया कि अभी वापस आ रहा है.
खुद को साइबर पुलिस बताकर 5 लाख मांगे
कुछ समय बाद मोटरसाइकिल से सिविल ड्रेस में दो युवक वहां पहुंचे. उन्होंने खुद को साइबर पुलिस का कर्मचारी बताया और कार की तलाशी लेने लगे. इसके बाद आरोपियों ने कार में 20 किलो गांजा मिलने की झूठी बात कहते हुए प्रार्थी को गांजा के मामले में फंसाने की धमकी दी और उसे छोड़ने के एवज में 5 लाख रुपये की मांग की. डर की वजह से प्रार्थी ने अपने परिजनों को फोन कर 2 लाख 50 हजार रुपये लेकर मौके पर आने के लिए कहा. इसी बीच दोनों युवक वहां से चले गए. बाद में परिजन मौके पर पहुंचे और प्रार्थी को लेकर बसंतपुर थाने पहुंचे. जहां घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई गई.
प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 482/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की कई धाराओं सहित किशोर न्याय अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरु की. जांच के दौरान नवीन साहू की संलिप्तता सामने आने पर उसे गिरफ्तार किया गया. उसके कब्जे से जुर्म में इस्तेमाल मोबाइल फोन बरामद कर जब्त किया गया. आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया है. मामले में शामिल अन्य तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है.
गिरफ्तार आरोपी
नवीन साहू पिता गणेश साहू उम्र 27 साल निवासी नंदई चौक, पिरितिन मंदिर के सामने, हाल सृष्टि कॉलोनी गली नंबर-1, अटल आवास, थाना बसंतपुर जिला राजनांदगांव छत्तीसगढ़
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



