सीएम साय की मदद से रीबा बेन्नी ने न्यूजीलैंड पहुंचकर जीता सिल्वर मेडल, जनदर्शन में दिव्यांगों को दी बैटरी चलित ट्राइ साइकिल
With the help of CM Sai Riba Benni reached New Zealand and won silver medal gave battery operated tricycle to the disabled in public darshan
रायपुर : मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन में हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत लोगों को तिरंगा का वितरण किया गया. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अभियान में अपनी-अपनी सहभागिता निभाने के लिए मौजूद लोगों से अपील की. जनदर्शन में मुख्यमंत्री के आते ही राष्ट्रध्वज लहराकर उपस्थित लोगों ने उनका अभिवादन किया.
इस मौके पर समाज कल्याण विभाग द्वारा तीन दिव्यांगों को बैटरी चलित मोटराइज्ड ट्राइ साइकिल प्रदान की. दिव्यांग कोमल लहरे, सना परवीन, और ठगिया साहू ने मुख्यमंत्री साय का आभार व्यक्त किया.
रायपुर जिले के चौरसिया कॉलोनी की 18 वर्षीय सना परवीन, ग्राम सेरीखेड़ी की निवासी कोमल लहरे, और धमतरी जिले के ग्राम कचना के निवासी ठगिया साहू को पहले आने-जाने के लिए अपने परिजनों या किसी अन्य व्यक्ति का सहारा लेना पड़ता था. मोटराइज्ड ट्राइ साइकिल मिलने के बाद अब उन्हें गांव के भीतर और बाहर आने-जाने में और अपने कामों को पूरा करने में सुविधा होगी.
दिव्यांग कोमल लहरे ने बताया कि उनके पास पहले एक ट्राई साइकिल थी, जो अब खराब हो चुकी है. आज जनदर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा बैटरी चलित ट्राई साइकिल मिलने से अब उन्हें अपने व्यवसाय के जरिए अपनी आर्थिक स्थिति सुधारने का मौका मिलेगा. वे ग्राम सेरीखेड़ी में आलू-प्याज बेचकर अपना जीवनयापन करते हैं. समाज कल्याण विभाग द्वारा 80 प्रतिशत से ज्यादा दिव्यांगता वाले तीनों व्यक्तियों को ऑटोमेटिक ट्राइ साइकिल प्रदान की गई.
पंजाब में तैनात रहे फौजी स्व बलदेव सिंह साहू की पत्नी श्रीमती ललिता साहू ने पेंशन की पूरी राशि दिलाने के लिए मदद की गुहार लगाई. दुर्ग से आई श्रीमती साहू ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके पति इंडियन आर्मी में पंजाब में नायक के पोस्ट पर थे. उनकी मौत हो गई और वो परिवार सहित पंजाब से छत्तीसगढ़ वापिस आ गई. पंजाब में उन्हें पेंशन की पूरी रकम मिलती थी. लेकिन छत्तीसगढ़ आने के बाद उन्हें यहां पूरी पेंशन नहीं मिल रही है.
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए. ताकि जल्द ही श्रीमती साहू की परेशानी का निराकरण हो सके. श्रीमती साहू ने इस संवेदनशील पहल के लिए मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया.
जनदर्शन में जिला मनेद्रगढ़-भरतपुर-चिरमिरी के ग्राम जनकपुर से एक आदिवासी परिवार आया. परिवार के गेंदलाल बैगा ने बताया कि उनका परिवार पिछली चार पीढ़ियों से जनकपुर में खेती कर रहा है. अभी जमीन पर कुछ लोग जबरन कब्जे की कोशिश कर रहे हैं. इस वजह से काफी तकलीफ हो रही है.
मुख्यमंत्री ने इस बारे में कलेक्टर मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर को निर्देश देते हुए कहा कि फौरन इस मामले में जांच कर कार्रवाई करें.
गेंदलाल बैगा ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जनदर्शन में आकर वे आश्वस्त हो गए हैं और उन्हें उम्मीद है कि अब उनके साथ ज्यादती नहीं होगी.
छत्तीसगढ़ की बालिका रीबा बेन्नी ने न्यूज़ीलैंड में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्र से पूर्व में आयोजित जनदर्शन में सहायता की मांग की थी. जिसे मुख्यमंत्री साय ने सहृदयता से स्वीकार करते हुए फौरन सहायता राशि चार लाख रुपए स्वीकृत किया था. उक्त राशि से रीबा बेन्नी न्यूज़ीलैंड पहुंच पाई और वहाँ सिल्वर मेडल अर्जित किया. इस ख़ुशी को रीबा के माता-पिता ने मुख्यमंत्री के साथ साझा किया और सम्मान में उन्होंने मुख्यमंत्री को श्रीफल भेंट कर मदद के लिए आभार जताया.
जनदर्शन में 37वें राष्ट्रीय खेल के दौरान मिनी गोल्फ में कांस्य पदक जीतकर लौटी महासमुंद निवासी चयन कुमारी और रायपुर की रंजीता खलको ने सौजन्य मुलाकात की. उन्होंने मुख्यमंत्री को अपनी उपलब्धि से अवगत कराया.
उन्होंने बताया कि आगामी 25-30 अगस्त तक दक्षिण कोरिया में आयोजित इंटरनेशनल वुड बॉल में हिस्सा लेने के लिए वे लोग दक्षिण कोरिया जा रही हैं. मुख्यमंत्री ने दोनों खिलाड़ियों की हौसला अफजाई करते हुए इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



