नवापारा सोशल ग्रुप के आयोजन में युवाओं ने उत्साह से किया रक्तदान, मानवता की सेवा का दिया संदेश

Youth enthusiastically donated blood at an event organized by the Navapara Social Group, conveying a message of service to humanity.

नवापारा सोशल ग्रुप के आयोजन में युवाओं ने उत्साह से किया रक्तदान, मानवता की सेवा का दिया संदेश

रायपुर/नवापारा (राजिम) : मानव सेवा एवं जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पूज्य सिंध पंचायत के विशेष सहयोग से नवापारा सोशल ग्रुप द्वारा रविवार, 9 अगस्त 2026 को सिंधी गुरुद्वारा, गंज रोड, नवापारा (राजिम) में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में नगर एवं आसपास के क्षेत्र के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया.
रक्तदान शिविर का आयोजन महानदी ब्लड सेंटर, नवापारा एवं आशीर्वाद ब्लड सेंटर, नवापारा के सहयोग से किया गया. सुबह 10 बजे प्रारंभ हुए शिविर में रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण करने के बाद योग्य रक्तदाताओं से रक्त संग्रह किया गया. शिविर में कुल 48 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया.
आयोजकों ने कहा कि रक्तदान महादान है. हमारे द्वारा दिया गया एक यूनिट रक्त जरूरत पड़ने पर किसी व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है. रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं होने के कारण स्वस्थ व्यक्तियों को समय-समय पर स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए.
युवाओं में दिखा रक्तदान को लेकर उत्साह
शिविर के दौरान युवाओं के साथ विभिन्न आयु वर्ग के लोगों में रक्तदान के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिला. कई लोगों ने पहली बार रक्तदान कर इस पुनीत कार्य में सहभागिता निभाई. वहीं नियमित रक्तदाताओं ने भी आगे बढ़कर रक्तदान किया. रक्तदाताओं ने कहा कि किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने के लिए रक्तदान करना आत्मिक संतोष प्रदान करने वाला कार्य है.
रक्तदान से पूर्व सभी रक्तदाताओं के हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर एवं सामान्य स्वास्थ्य की जांच की गई. ब्लड सेंटर के चिकित्सकीय एवं तकनीकी दल ने रक्तदाताओं को रक्तदान से पहले और बाद में रखी जाने वाली आवश्यक सावधानियों की जानकारी भी दी.
समाज के प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को करना चाहिए रक्तदान
नवापारा सोशल ग्रुप के सदस्यों ने कहा कि दुर्घटना, ऑपरेशन, गंभीर बीमारी, प्रसव एवं अन्य आपात परिस्थितियों में मरीजों को रक्त की तत्काल आवश्यकता पड़ती है. ऐसे समय में स्वैच्छिक रक्तदाताओं द्वारा दिया गया रक्त किसी परिवार के लिए जीवन की सबसे बड़ी उम्मीद बन सकता है.
आयोजकों ने रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं, सहयोगी संस्थाओं, ब्लड सेंटर की टीम, सिंधी गुरुद्वारा प्रबंधन एवं प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से कार्यक्रम में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया.
शिविर के समापन पर समाज के लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान करते हुए संदेश दिया गया—
“मानवता में प्राण भरें—आओ संकल्पित हों, सब रक्तदान करें।”
इस आयोजन में महानदी ब्लड बैंक से दुर्गा साहू, काजल साहू, भूपेंद्र साहू, गौतम वर्मा और भावेश साहू तथा आशीर्वाद ब्लड बैंक से 
 एमडी अरुण कुमार साहू, टेक्नीशियन हिना साहू, विजय नागेश, कामदेव साहू, उबेद अली, निखहत अनित
व याशीष फाउंडेशन कोपरा संस्थापक 
विक्रम निषाद, जयकिशन कौशल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?