चाकू की नोक पर 78,500 रुपये की लूट, धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कुछ घंटों बाद एक नाबालिग समेत 4 आरोपी गिरफ्तार, तूफान वाहन जप्त

₹78,500 robbed at knifepoint; major crackdown by Dhamtari police—four accused, including a minor, arrested within hours; 'Toofan' vehicle seized.

 चाकू की नोक पर 78,500 रुपये की लूट, धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कुछ घंटों बाद एक नाबालिग समेत 4 आरोपी गिरफ्तार, तूफान वाहन जप्त

धमतरी/भखारा : छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के भखारा थाना क्षेत्र में चाकू की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले एक नाबालिग समेत चार आरोपियों को भखारा पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू, नगदी रकम, मोबाइल फोन और तूफान वाहन भी बरामद कर जब्त कर लिया है.
मवेशी ले जाते समय युवक का अपहरण
थाना प्रभारी तामेश्वर सिंह नेताम ने बताया कि 6 जुलाई की रात करीब 10 बजे बगोली निवासी मनीष सोनवानी पिता खम्मन सोनवानी अपने पिता के साथ छोटा हाथी वाहन में मवेशी लेकर अपने चाचा खेमूराम बंजारे के घर ग्राम रिवांगहन जा रहे थे. इसी दौरान ग्राम दर्री और रिवांगहन के बीच झुरमुट के पास पहले से घात लगाए बैठे तूफान वाहन सवार चार आरोपियों ने उनका रास्ता रोक लिया.
लूटपाट के दौरान युवक पर हमला
आरोपियों ने मवेशी ले जाने की बात पूछते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी और हाथ-मुक्कों तथा लातों से मारपीट की. इसके बाद चाकू दिखाकर प्रार्थी से 50 हजार रुपये नगद लूट लिया और 28,500 रुपये क्यूआर कोड के जरिए आरोपी नीरज ध्रुवंशी के खाते में ट्रांसफर करा लिया. विरोध करने पर आरोपियों ने लोहे की रॉड से हमला किया और मनीष सोनवानी की गर्दन पर चाकू अड़ाकर जान से मारने की धमकी भी दी.
4 आरोपी गिरफ्तार
वारदात की खबर मिलने के बाद भखारा पुलिस ने आरोपियों की घेराबंदी कर उन्हें कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों में नागेंद्र साहू उम्र 19 साल और एक नाबालिग बालक निवासी ग्राम भेंडरवानी, और नीरज ध्रुवंशी उम्र 23 साल, और विनय ध्रुवंशी उम्र 24 साल दोनों निवासी ग्राम कसही शामिल हैं.
पुलिस ने जब्त किए जुर्म में इस्तेमाल सामान
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू, लूटी गई नगदी, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल तूफान वाहन बरामद कर जब्त कर लिया है. प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना भखारा में अपराध क्रमांक 77/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(6), 311 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?